BPSC AEDO परीक्षा धांधली में EOU की बड़ी कार्रवाई:बायोमेट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडे गिरफ्तार,बेऊर जेल भेजा गया

BPSC AEDO परीक्षा में धांधली को लेकर EOU का बड़ा एक्शन! कंकड़बाग परीक्षा केंद्र पर तैनात बायोमेट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडे को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में 'सॉल्वर गैंग' और मैनेज्ड सेंटरों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

BPSC AEDO परीक्षा धांधली में EOU की बड़ी कार्रवाई बायोमेट्रिक ऑपरेटर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की AEDO परीक्षा में फर्जीवाड़े को लेकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय केंद्र पर तैनात बायोमेट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। EOU की इस कार्रवाई से परीक्षा में सेंधमारी करने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है।


सहकर्मी के मोबाइल से मिले संदिग्ध सबूत 

जांच के दौरान पुलिस और EOU की टीम ने परीक्षा केंद्र पर तैनात अतुल राज पांडे की सहकर्मी दीपिका कुमारी का मोबाइल फोन चेक किया, जिसमें AEDO परीक्षा से जुड़े संदिग्ध साक्ष्य मिले। इसके साथ ही आरोपी अतुल राज पांडे का मोबाइल भी परीक्षा केंद्र से तुरंत जब्त कर लिया गया।


पूर्व में भी कई परीक्षाओं में दे चुका है सेवा

 EOU की गहन जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अतुल राज पांडे पहले भी कई निजी एजेंसियों और बायोमेट्रिक कंपनियों के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में तैनात रह चुका है। वह इन बायोमेट्रिक कंपनियों को मैनपावर (मानवबल) की आपूर्ति भी करता था, जिसका इस्तेमाल उसने धांधली का जाल बिछाने में किया।


पूछताछ में 'सॉल्वर गैंग' और मैनेज्ड केंद्रों का खुलासा 

गिरफ्तारी के बाद EOU की पूछताछ में आरोपी से 'सॉल्वर गैंग' और पैसों के बल पर सेट किए गए 'मैनेज्ड परीक्षा केंद्रों' के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। EOU का मानना है कि इन इनपुट्स के आधार पर परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक कराने और आर्थिक लाभ कमाने वाले बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जाएगा।


आरोपी भेजा गया बेऊर जेल, आगे की कार्रवाई जारी

 मिली मुताबिक, आरोपी अतुल राज पांडे को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे बेऊर जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। EOU अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां होंगी।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट