BPSC TRE-4: नीतीश सरकार को झुकाने के लिए छात्रों का महा-ऐलान, इस दिन पटना कॉलेज से विधानसभा तक TRE-4 के अभ्यर्थी करेंगे मार्च

BPSC TRE-4: बीपीएससी टीआरई-4 के अभ्यर्थियों ने सीएम नीतीश और शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अभ्यर्थी पटना में महाआंदोलन करने वाले हैं। आंदोलन में पटना कॉलेज से विधानसभा तक पैदल मार्च किया जाएगा।

पटना में छात्रों का महाआंदोलन - फोटो : social media

BPSC TRE-4:  बिहार में TRE-4 की बहाली की मांग को लेकर छात्र और शिक्षक अभ्यर्थी एक बार फिर आंदोलन के मूड में हैं। अभ्यर्थियों ने ऐलान किया है कि 16 फरवरी को पटना में महा आंदोलन किया जाएगा। यह प्रदर्शन पटना कॉलेज से शुरू होकर बिहार विधानसभा तक मार्च के रूप में जाएगा। इस आंदोलन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

सरकार पर निकाली भड़ास

आंदोलन से पहले बुधवार को शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में कई पोस्टर नजर आए, जिनमें चुनाव से पहले किए गए वादों का जिक्र था। एक पोस्टर में जदयू के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया गया था, जिसमें बिहार में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति और TRE-4 की जल्द बहाली का वादा किया गया था। साथ ही महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देने की बात भी लिखी थी।

NDA के वादों को भी दिलाया याद

दूसरे पोस्टर में एनडीए सरकार की घोषणाओं का उल्लेख करते हुए लिखा था कि रफ्तार पकड़ चुका बिहार, फिर से NDA सरकार और इसके साथ 1.6 लाख शिक्षकों की भर्ती व महिला अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत आरक्षण देने के वादे को भी दर्शाया गया था। अभ्यर्थी लगातार सरकार को याद दिला रहे हैं कि यह सभी वादें सरकार ने ही उनसे की है ऐसे में उनकी मांग है कि सरकार अब अपने वादे को पूरा भी करें। 

‘वादे किए, अब अमल नहीं’

शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने चुनावी मंचों और सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन अब तक TRE-4 को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थी 16 फरवरी को सड़क पर उतरकर विधानसभा तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे। बता दें कि बीपीएससी ने सभी एग्जाम को शेड्यूल जारी किया है जिसमें टीआरई-4 को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है जिसको लेकर अभर्थियों मे भारी आक्रोश है। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट