BSEB जारी किया 5वीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम, अभ्यर्थी ऐसे देखे अपना रिजल्ट
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 5वीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इसबार महज 30 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अभ्यर्थी अपना परिणाम समिति के वेबसाइट पर जाकर देख सकते है....
Patna : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस एम द्वारा मंगलवार को कक्षा 1–5, कक्षा 6–8, कक्षा 9–10 एवं कक्षा 11–12 में कार्यरत स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए आयोजित पांचवीं एवं अंतिम सक्षमता परीक्षा, 2026 का परीक्षाफल आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है रिजल्ट
अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट bseb-sakshamta.com पर उपलब्ध है। शिक्षक अभ्यर्थी अपने Application No. को लॉगिन-आईडी (Login ID) और अपनी जन्मतिथि को पासवर्ड के रूप में दर्ज करके अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
14,512 में से 4,353 अभ्यर्थी हुए उत्तीर्ण (कुल 30%)
दिनांक 05.06.2026 से 08.06.2026 तक आयोजित इस पांचवीं सक्षमता परीक्षा का विवरण इस प्रकार है:
- कुल शामिल अभ्यर्थी: 14,512 (6,950 पुरुष एवं 7,562 महिला)
- कुल उत्तीर्ण अभ्यर्थी: 4,353 (1,870 पुरुष एवं 2,483 महिला)
- कुल उत्तीर्णता प्रतिशत: 30%
वर्गवार (Class-wise) परिणाम विवरण:
- कक्षा 1–5: कुल 13,235 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 3,868 शिक्षक (29.23%) सफल रहे।
- कक्षा 6–8: कुल 781 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 313 शिक्षक (40.08%) उत्तीर्ण हुए।
- कक्षा 9–10: कुल 367 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 122 शिक्षक (33.24%) पास हुए।
- कक्षा 11–12: कुल 129 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 50 शिक्षक (38.76%) सफल घोषित किए गए।
परीक्षा का प्रारूप और कोटिवार न्यूनतम अर्हतांक (Cut-off)
यह परीक्षा कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 150 वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रश्न पूछे गए थे (भाग-1 भाषा: 30, भाग-2 सामान्य अध्ययन: 40 एवं भाग-3 संबंधित विषय: 80)।
सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प के अनुसार विभिन्न कोटियों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णता प्रतिशत निम्नवत निर्धारित किया गया था:
- सामान्य वर्ग (General): 40%
- पिछड़ा वर्ग (BC): 36.5%
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC): 34%
- अनुसूचित जाति / जनजाति (SC/ST): 32%
- दिव्यांग (Differently Abled): 32%
- महिला (Female): 32%
सभी 05 सक्षमता परीक्षाओं की प्रक्रिया पूर्ण, कुल 2,71,193 शिक्षक हुए सफल
राज्य सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय निकाय के शिक्षकों को 'राज्यकर्मी' का दर्जा देने के लिए कुल 5 सक्षमता परीक्षाओं का आयोजन किया जाना था, जो आज पांचवीं परीक्षा का परिणाम जारी होने के साथ ही पूर्ण हो गया है। पाँचों सक्षमता परीक्षाओं को मिलाकर राज्य भर में कुल 2,71,193 शिक्षक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
अब होगी काउंसलिंग
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परीक्षाफल पूरी तरह से औपबंधिक (Provisional) है। परीक्षाफल प्रकाशन के बाद अब शिक्षा विभाग द्वारा सभी सफल शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसलिंग (Counselling) कराई जाएगी, जिसके संबंध में पृथक सूचना शिक्षा विभाग द्वारा शीघ्र ही जारी की जाएगी।
अभिजीत की रिपोर्ट