नई दिल्ली में बिहार का डंका: बिजली सुधार के लिए BSPTCL को मिले दो प्रतिष्ठित ‘पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स’

बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली में आयोजित 'पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स 2025' में कंपनी को दो श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

Patna - बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 10 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में आयोजित भव्य 'पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स 2025' समारोह में कंपनी को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बिहार के बिजली बुनियादी ढांचे में किए गए अभूतपूर्व सुधारों और पूर्वी क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दिया गया है।

BSPTCL को यह पुरस्कार विशेष रूप से पिछले तीन वर्षों में संचरण नेटवर्क के विस्तार और क्षमता वृद्धि के लिए मिले हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने पूर्वी क्षेत्र में सर्वाधिक 2,018 सर्किट किलोमीटर (220 केवी और उससे अधिक) संचरण लाइन का विस्तार किया है। 

इसके साथ ही, कंपनी ने 5,260 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी बढ़ाकर राज्य की बिजली आपूर्ति क्षमता में बड़ा सुधार किया है। इन विजेताओं का चयन केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) द्वारा रिपोर्ट किए गए डेटा के आधार पर किया गया, जो इस उपलब्धि की प्रमाणिकता को सिद्ध करता है।

इस मौके पर BSPTCL के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने इसे पूरी टीम की कड़ी मेहनत, समर्पण और तकनीकी उत्कृष्टता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के हर कोने में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और यह सम्मान भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा। 

विद्युत मंत्रालय द्वारा समर्थित इस प्रमुख प्रदर्शनी और सम्मेलन में देश भर से 2,500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच बिहार ने अपनी तकनीकी क्षमता का लोहा मनवाया है।