Bihar Political News : नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजकर भाजपा ने दिखाई अपनी असलियत: मुकेश सहनी

Bihar Political News : नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा की भाजपा ने अपनी असलियत दिखा दी......पढ़िए आगे

भाजपा ने दिखाई असलियत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को भाजपा की रणनीति का एक हिस्सा बताते हुए कहा कि यही भाजपा की असलियत है। चुनाव के समय ही हमलोगों ने कहा था कि भाजपा नीतीश कुमार को कभी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी और अगर बना भी दी, तो उन्हें 2025 से 2030 तक रहने नहीं देगी।  आज हकीकत सबके सामने है।

बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा न केवल बिहार में, बल्कि अन्य राज्यों में भी इसी रणनीति को अपनाया है। कई राज्य इसके उदाहरण है कि भाजपा अपने सहयोगियों को समाप्त करने में जुटी रहती है। 

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा का असली लक्ष्य जदयू को एक राजनीतिक पार्टी के रूप में समाप्त करना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजा जाना इस रणनीति का ही एक हिस्सा है।  

उन्होंने कहा कि पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बिहार का जनादेश नीतीश कुमार के नाम पर मिला था, लेकिन एनडीए का यह निर्णय न केवल जनादेश का, बल्कि जनभावना का भी अपमान है। बिहार की जनता इसके लिए भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।  उन्होंने नीतीश कुमार के लिए सहानुभूति जताते हुए कहा कि इस उम्र में उन्हें बिहार से दूर करना कहीं से सही नहीं है।