NEET Student Death Case: CBI ने निलंबित सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा को किया तलब, नीट छात्रा हत्या मामले में 30 मिनट तक चली पूछताछ
NEET Student Death Case: सीबीआई ने कदमकुआं थाना के निलंबित सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा को अपने कार्यालय तलब किया। एजेंसी के अधिकारियों ने उनसे करीब 30 मिनट तक विस्तृत पूछताछ की।
NEET Student Death Case: पटना नीट छात्रा हत्याकांड मामले में सीबीआई की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में आज सीबीआई ने कदमकुआं थाना के निलंबित सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा को अपने कार्यालय तलब किया। एजेंसी के अधिकारियों ने उनसे करीब 30 मिनट तक विस्तृत पूछताछ की। जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी को एक छात्रा के प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती होने के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी।
सीबीआई ने हेमंत झा को किया तलब
आरोप है कि शुरुआती चरण में सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आवश्यक कार्रवाई में देरी हुई। मामला तूल पकड़ने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार का फर्द बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर चित्रगुप्त नगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई। लापरवाही के आरोपों को देखते हुए पटना के एसएसपी ने हेमंत झा को पहले ही निलंबित कर दिया था। अब सीबीआई पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की प्रक्रिया जारी है।
जांच में सीबीआई
बता दें कि, जहानाबाद की नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। एजेंसी जब्त किए गए सीसीटीवी फुटेज और उससे संबंधित डीवीआर की फॉरेंसिक रिपोर्ट का गहन अध्ययन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व में एसआईटी द्वारा जब्त किए गए सीसीटीवी फुटेज के हर फ्रेम का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि घटना के समय-क्रम को स्पष्ट किया जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की कड़ियों को जोड़ा जा सके। जांच एजेंसी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने लाने की कोशिश में जुटी है।
मामा भाई नहीं पहुंचे सीबीआई कार्यालय
दूसरी ओर, सीबीआई ने बुधवार को मृत छात्रा के मामा को पूछताछ के लिए पटना स्थित अपने कार्यालय में तलब किया था, हालांकि वे उपस्थित नहीं हो सके। अब उन्हें दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा। इसके अलावा, छात्रा के भाई से बरामद मोबाइल फोन को भी जांच के दायरे में लाया गया है। मोबाइल डेटा का तकनीकी और डिजिटल विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे कॉल डिटेल, मैसेज, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा सके।
पटना से अनिल की रिपोर्ट