Bihar IAS Transfer: बिहार में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चंद्रशेखर सिंह बने जनसंपर्क विभाग के सचिव, इनको भेजा गया दिल्ली

Bihar IAS Transfer: बिहार की नई सरकार एक्शन मोड में है। बीते दिन 4 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया था वहीं आज भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पढ़िए आगे...

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल - फोटो : social media

Bihar IAS Transfer: बिहार की नई सम्राट सरकार ने लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जानकारी अनुसार बिहार में मुख्यमंत्री सचिवालय, सूचना एवं जनसंपर्क तथा संसदीय कार्य विभाग के सचिव अनुपम कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।

इन्हें मिली जिम्मेदारी 

अनुपम कुमार की जगह डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित कर दिया गया है। अनुपम कुमार और बंदना प्रेयषी को केंद्र सरकार के अधीन अलग-अलग महकमे में संयुक्त सचिव बनाया गया है। इन्हें एक मई के प्रभाव से नवपदस्थापन पद पर योगदान के लिए विरमित किया गया है।

डॉ. चंद्रशेखर सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी

अनुपम कुमार के स्थान पर डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और संसदीय कार्य विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे वर्तमान में मुख्यमंत्री सचिवालय और आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष भी हैं।

सरकार का बड़ा फैसला 

2010 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में एमए और पीएचडी की है। वे पटना के जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त सहित कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं और एक परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक मजबूती और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।