Patna traffic diversion:जेपी गंगा पथ पर आज-कल ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, फंस सकते हैं आप, घर से निकलने से पहले जान लें रूट का पूरा प्लान, कई लेन रहेंगी बंद

Patna traffic diversion: 4 और 5 मई को पटना में जेपी गंगा पथ पर ट्रैफिक में बदलाव किया गया है, जिसमें फंसकर आम लोग परेशानी का शिकार हो सकते हैं।

जेपी गंगा पथ पर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव- फोटो : social Media

Patna traffic diversion: पटना में जेपी गंगा पथ पर अचानक ट्रैफिक का खेल शुरू हो गया है, जहां मरम्मत के लिए सड़कों को नो-एंट्री ज़ोन में तब्दील किया जा रहा है। 4 और 5 मई को यहां ऐसा ट्रैफिक जाल बिछाया गया है, जिसमें फंसकर आम लोग परेशानी का शिकार हो सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सड़क पर बिटुमिनस कंक्रीट कार्य के चलते विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसे दो चरणों में अंजाम दिया जा रहा है, जहां मुख्य कैरिजवे और कनेक्टिंग ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी जाएगी।

4 मई को दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक उत्तरी लेन पूरी तरह ‘ब्लॉक’ रहेगी। यानी इस रूट पर जाने वाले वाहनों को मजबूरन दक्षिणी लेन का सहारा लेना पड़ेगा। वहीं, 5 मई को खेल उल्टा होगा—एलसीटी घाट से दीघा गोलंबर तक दक्षिणी लेन बंद कर दी जाएगी और ट्रैफिक को उत्तरी लेन में शिफ्ट किया जाएगा।

यह डायवर्जन  दिन में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक और रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक लागू रहेगा। यानी पीक टाइम और रात के सन्नाटे दोनों वक्त लोगों को सावधानी बरतनी होगी।

प्रशासन ने साफ कहा है कि यह कदम सड़क की क्वालिटी बनाए रखने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इस दौरान जाम और अफरा-तफरी का माहौल बन सकता है।

लोगों को हिदायत दी गई है कि वे दीघा और एलसीटी घाट की ओर निकलने से पहले समय और रास्ते की पूरी रेकी कर लें, वरना कुछ ही मिनटों का सफर घंटों की मशक्कत में बदल सकता है।जेपी गंगा पथ पर इन दो दिनों में ट्रैफिक का गेम काफी टफ रहने वाला है जरा सी लापरवाही आपको जाम के जाल में फंसा सकती है।