Mahashivratri 2026 : महाशिवरात्रि पर खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
Mahashivratri 2026 : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भगवान शिव की बरात देखने के लिए खाजपूरा शिव मंदिर पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कामना की.....पढ़िए आगे
PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को राजधानी पटना के नेहरू मार्ग स्थित खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने महाशिवरात्रि शोभा यात्रा के अभिनंदन महोत्सव में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक भगवान भोलेनाथ, माँ पार्वती और भगवान नंदी की आरती उतारी और पूरे बिहार में सुख, शांति तथा समृद्धि बनी रहे, ऐसी मंगल कामना की।
आयोजन के दौरान महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने खाजपुरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में निकाली गई भगवान भोलेनाथ की टोली और भव्य शोभा यात्रा का स्वागत अभूतपूर्व तरीके से किया गया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पूरी टोली की भव्य आरती की गई और उन पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धा प्रकट की गई । श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
इस धार्मिक उत्सव में कई महत्वपूर्ण राजनेता और अधिकारी भी उपस्थित रहे । गणमान्य अतिथियों में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद और विधायक संजीव चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
वहीँ इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, डॉ. चंद्रशेखर सिंह और राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार भी इस मौके पर मौजूद रहे । कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।