Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने होली से पहले शराब माफिया के बड़े सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 50 लाख की विदेशी शराब किया जब्त

Bihar News : होली से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने शर्ब माफिया के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने 50 लाख की विदेशी शराब बरामद किया है.........पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने होली से पहले शराब माफिया के
50 लाख की विदेशी शराब बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के करजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। होली के त्योहार पर खपाने के लिए लाई गई विदेशी शराब की एक विशाल खेप को पुलिस ने ऐन वक्त पर छापेमारी कर जब्त कर लिया। फंदा चौड़ इलाके में हुई इस कार्रवाई में एक विशाल कंटेनर ट्रक सहित कुल चार गाड़ियाँ जब्त की गई हैं। जब्त की गई 4274 लीटर विदेशी शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करजा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फंदा चौड़ में एक कंटेनर ट्रक से शराब की अनलोडिंग की जा रही है। तस्कर इस बड़ी खेप को छोटी गाड़ियों में भरकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को सूचित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दलबल के साथ मौके पर धावा बोल दिया। पुलिस की एंट्री होते ही अफरा-तफरी मच गई।

छापेमारी के दौरान मौके से एक बड़ा कंटेनर ट्रक, एक टाटा मैजिक, एक बोलेरो और एक होंडा सिटी कार बरामद की गई है। इन सभी वाहनों में शराब लोड कर उन्हें भेजने की तैयारी पूरी हो चुकी थी। हालांकि, भौगोलिक स्थिति और अंधेरे का फायदा उठाकर शराब कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस अब इन गाड़ियों के मालिक और फरार तस्करों की पहचान करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा ले रही है।

प्रशिक्षु आईपीएस सह सरैया एसडीपीओ गरिमा चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह प्रभावी कार्रवाई की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि चारों वाहनों से कुल 4274 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि शराब माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके के शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जब्त वाहनों को थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि होली के मद्देनजर शराब की यह खेप ऊंचे दामों पर बेचने के लिए मंगवाई गई थी। फिलहाल, पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट