Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में गंगा घाट विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, लोगों को मिलेगी कई आधुनिक सुविधाएं

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का शिलापट्ट अनावरण कर विधिवत लोकार्पण किया।

घाटों का लोकार्पण - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) द्वारा 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन तीनों गंगा घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे राजधानीवासियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 

लोकार्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने तीनों गंगा घाटों पर कराये गये विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गंगाजल स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

ज्ञातव्य है कि बिहार के शहरी क्षेत्रो में आधारभूत नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, नियोजित शहरी विकास, आधुनिक अवसंरचना का विस्तार तथा जनोपयोगी सेवाओं की गुणवत्ता की दिशा में बिहार आधारभूत संरचना विकास निगम लि० (बुडको) द्वारा 46.26 करोड़ की लागत से पटना के 03 गंगा घाट (भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट) रिवर फ्रंट सौंदर्याकरण परियोजनाओं का विकास किया गया है। इस योजना के अन्तर्गत भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट को पक्का बनाकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया। पहले ये घाट कच्चे थें अब इनके निर्माण से लोगों को स्नान एवं पूजा मे सुविधा होगी। सौंदर्यीकृत कराये गए घाटों पर आधुनिक वॉक-वे, पक्का घाट, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था (हाई मास्ट लाईट), सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग एवं स्वच्छता की पूर्ण व्यवस्था की गई है। इन नए पक्के घाटों के निर्माण से स्थानीय निवासियों और खासकर छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।

इस अवसर पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, पटना नगर निगम की उपमहापौर रेशमी कुमारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष कुमार पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, बुडको के मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार मेहता सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।