अनंत सिंह को चिराग पासवान की दो टूक... किसी का विरोध नहीं चलेगा, NDA की होगी इन सीटों पर जीत

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का अनंत सिंह द्वारा विरोध किए जाने और जन सुराज के उम्मीदवार को समर्थन देने के सवाल पर चिराग पासवान ने सभी 8 सीटों के चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया है ... पढ़िए उन्होंने क्या कहा

Chirag Paswan- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच मचे घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को बड़ा बयान दिया। अनंत सिंह के नीरज कुमार का विरोध करने और जन सुराज के प्रत्याशी को समर्थन देने के बीच चिराग पासवान ने दो टूक कहा कि पटना स्नातक सीट सहित बिहार विधान परिषद की सभी आठ एमएलसी सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम विधानसभा चुनाव के रुझान के अनुरूप ही आएंगे।


चिराग पासवान का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए और विशेषकर जदयू की एकजुटता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच जारी राजनीतिक खींचतान के बीच एनडीए के लिए इस सीट पर जीत प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। हालांकि, चिराग पासवान ने गठबंधन की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया।


बंगाल की घटना पर जताया दुख

पश्चिम बंगाल में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से यह घटना हुई है, उसके बाद उनकी पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि इस घटना के मद्देनजर बंगाल में कार्यक्रम रद्द किए गए हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने कार्यक्रम रद्द किए हैं। चिराग के मुताबिक, यह सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।


राहुल गांधी के बंगाल की घटना के बाद भी गोवा में सभा करने के सवाल पर चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इससे विपक्ष की संवेदनशीलता का पता चलता है। उनके अनुसार, ऐसी घटनाओं के समय सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।


इमरान खान को भारत छोड़ने के मामले में सरकार का समर्थन

इमरान खान को भारत छोड़ने के लिए कहे जाने से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान ने सरकार के कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह इस कार्रवाई की सराहना करते हैं। चिराग ने स्पष्ट कहा कि किसी विदेशी व्यक्ति का भारत की जमीन पर आकर विरोध-प्रदर्शन करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। चिराग ने कहा कि इस मामले में भारत सरकार ने बिल्कुल सही कदम उठाया है।


भगवान सिंह कुशवाहा का बयान गलत

बिहार में हत्याओं को लेकर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के कथित बयान पर भी चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी। मंत्री के उस बयान के बारे में पूछे जाने पर, जिसमें हत्याएं होते रहने की बात कही गई थी, चिराग ने कहा कि एक भी ऐसी घटना होना सरकार और समाज के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपराधिक घटना नहीं होनी चाहिए। चिराग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई मंत्री इस तरह का बयान देता है, तो उसे ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। उनके मुताबिक, अपराध की घटनाओं को सामान्य बताने के बजाय उन्हें रोकने की दिशा में काम होना चाहिए।


राघोपुर नाव दुर्घटना पर बोले- मैं जिम्मेदारी लेता हूं

राघोपुर में हुई नाव दुर्घटना को लेकर बिहार सरकार और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों पर तेजस्वी यादव के सवाल उठाने के मामले में भी चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह हाजीपुर के सांसद हैं और इस नाते उस क्षेत्र की घटना की जिम्मेदारी लेते हैं। चिराग ने कहा कि जब वह जिम्मेदारी लेते हैं, तो तेजस्वी यादव से भी सवाल पूछे जाएंगे। हालांकि, उन्होंने इस तरह की दुर्घटनाओं पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राघोपुर में आने वाले ढाई वर्षों में उनकी कोशिश होगी कि इस तरह की घटना दोबारा न हो।


अनंत के विरोध के बावजूद होगी जीत 

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का अनंत सिंह द्वारा विरोध किए जाने और जन सुराज के उम्मीदवार को समर्थन देने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि वह किसी दूसरी पार्टी के आंतरिक मामले में टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में एनडीए को सफलता मिली थी, उसी तरह विधान परिषद चुनाव में भी गठबंधन के उम्मीदवार जीतेंगे। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि एनडीए बिहार की सभी आठ एमएलसी सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

अभिजीत की रिपोर्ट