Bihar News: CM नीतीश की बड़ी सौगात, 50 साल से अधिक आयु वाले कलाकारों को मिलेगी पेंशन, डिजिटल पोर्टल पर ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन

Bihar News: इस पोर्टल के माध्यम से गीत, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, शिल्प, लेखन सहित विभिन्न विधाओं में कार्यरत कलाकार पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। पंजीकृत कलाकारों को न केवल आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सीएम नीतीश की बड़ी सौगात - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा कलाकारों के संवर्धन, सम्मान और आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं का लाभ कलाकारों तक पहुंचाने के लिए विभाग ने एक डिजिटल पोर्टल विकसित किया है। जिस पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। 

पोर्टल पर कराएं रजिस्ट्रेशन 

इस पोर्टल के माध्यम से गीत, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, शिल्प, लेखन सहित विभिन्न विधाओं में कार्यरत कलाकार पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। पंजीकृत कलाकारों को न केवल आर्थिक सहायता दी जाएगी, बल्कि उन्हें सरकारी मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।

किसी भी उम्र के कलाकार कर सकते हैं पंजीकरण

जिले के कवि, कहानीकार, चित्रकार, गायक, वादक, नर्तक, उद्घोषक, शिल्पकार समेत कला के किसी भी क्षेत्र में सक्रिय कलाकार घर बैठे कभी भी ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए उम्र की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे युवा और वरिष्ठ दोनों कलाकार योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।

50 वर्ष से अधिक उम्र के कलाकारों को पेंशन

राज्य सरकार ने पहली बार कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र कलाकारों को प्रति माह 3000 रुपये की पेंशन सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। जिले से अब तक स्थानीय कलाकार नवल भारती सहित दो कलाकारों ने इस पेंशन योजना के लिए आवेदन किया है।

आधुनिक कला भवन और प्रशिक्षण की व्यवस्था

विभाग की ओर से कलाकारों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस कला भवन उपलब्ध कराया जाएगा, जहां विभिन्न विधाओं के कलाकारों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

पंजीकरण न कराने पर नहीं मिलेगा मंच

कला संस्कृति विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत कलाकारों को ही प्रखंड, जिला और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। ऐसे में सभी कलाकारों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस संबंध में कला संस्कृति पदाधिकारी, लखीसराय मृणाल रंजन ने बताया कि विभाग कलाकारों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और डिजिटल पंजीकरण से कलाकारों को सीधे लाभ मिलेगा।