Bihar News : सीएम नीतीश ने भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया 'ग्रीन बिहार' का मंत्र; 17% हरित आवरण को और बढ़ाने का दिया लक्ष्य
Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुलाकात की. जहाँ सीएम ने हरित आवरण बढाने का लक्ष्य दिया......पढ़िए आगे
PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आज 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प सभागार' में वर्ष 2024 बैच के बिहार कैडर के भारतीय वन सेवा (IFS) के चार प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इन अधिकारियों में हिमांशु द्विवेदी, प्रिंस कुमार सिंह, रविन्दर कुमार वर्मा एवं योगेश बोरकर शामिल थे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें राज्य की पर्यावरणीय प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों के अनुभवों को सुनने के बाद बिहार में पर्यावरण संरक्षण के सफर की चर्चा की। उन्होंने बताया कि एक समय बिहार में हरित आवरण मात्र 9 प्रतिशत रह गया था, जिसे राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों और 'जल-जीवन-हरियाली' जैसे अभियानों के जरिए बढ़ाकर अब 17 प्रतिशत तक पहुँचा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी पोस्टिंग के बाद राज्य के इस हरित आवरण को और अधिक विस्तार देने में सक्रिय सहभागी बनें।
बदलते जलवायु परिवेश पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से बिहार में औसत वर्षापात में कमी देखी जा रही है। उन्होंने भू-जल स्तर को संतुलित रखने के लिए जल संचयन पर विशेष जोर देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जल स्रोतों के संरक्षण और प्रबंधन को अपनी कार्यसूची में प्राथमिकता दें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी का संकट कम किया जा सके।
शहरीकरण के साथ बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने जन-जागरूकता को सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि शहरों में वायु और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए आम लोगों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवा अफसरों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और पूर्ण अनुशासन के साथ कार्य करने की सलाह दी ताकि वे राज्य और देश की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकें।
इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सेवा के दौरान जनहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।