Bihar News : पटना विश्वविद्यालय को मिली नई सौगात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ₹147 करोड़ के नवनिर्मित भवनों का किया उद्घाटन
Bihar News : पटना विवि को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई सौगात दी है. जहाँ उन्होंने 147 करोड़ के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन किया.......पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना विश्वविद्यालय को बड़ी सौगात देते हुए ₹147.29 करोड़ की लागत से तैयार नवनिर्मित प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन (कला संकाय) का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इन आधुनिक भवनों को छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय प्रशासन को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित परिसर का गहन निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक व्यवस्थाओं व सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक बुनियादी ढांचे (Infrastrucutre) के मजबूत होने से यहां की शिक्षा प्रणाली को नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नए भवनों के निर्माण से न केवल प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से होगा, बल्कि विद्यार्थियों को एक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल भी मिल सकेगा। सरकार का लक्ष्य शिक्षण संस्थानों को हर जरूरी सुविधा से लैस करना है ताकि छात्र अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के साथ बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। इसके अलावा उच्च शिक्षा, शिक्षा तथा विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा, साफ-सफाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की और कुलपति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि नवनिर्मित भवनों का रखरखाव बेहतर ढंग से हो सके।
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह और बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। मौके पर पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा भी मौजूद थे।
नए प्रशासनिक भवन के शुरू होने से अब छात्रों को नामांकन, परीक्षा फॉर्म और अन्य कार्यों के लिए एक ही छत के नीचे डिजिटल सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, कला संकाय (Arts Faculty) के नए शैक्षणिक भवन से कक्षाओं के संचालन में आसानी होगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही कमरों की कमी दूर होगी। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं परिसर में मौजूद रहे।