CM Nitish News: यात्रा से शुरू हुआ था सीएम नीतीश का राजनीतिक सफर, अब इस यात्रा बिहार में सिमटेगी सियासी पारी, यहां से शुरुआत
CM Nitish News: यात्रा से शुरु किए बिहार में अपनी राजनीतिक सफर को सीएम नीतीश यात्रा के साथ ही अलविदा कहने वाले हैं। सीएम पद से इस्तीफा देने के पहले सीएम नीतीश समृद्धि यात्रा पर जाएंगे। यह मुख्यमंत्री के रुप में उनकी अंतिम बिहार यात्रा होगी!
CM Nitish News: साल 2005 में सीएम बनने से पहले नीतीश कुमार ने बिहार में न्याय यात्रा की थी। न्याय यात्रा के जरिए सीएम नीतीश बिहार के कोने कोने में घूमे और जनता से उनपर विश्वास जताया और यात्रा के बाद सीएम नीतीश सत्ता में आएं। 2005 से अब तक नीतीश कुमार बिहार के सीएम बने रहे। इस दौरान सीएम नीतीश ने रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लेकिन अब सीएम नीतीश राज्यसभा जा रहे हैं और बिहार के मुख्यमंत्री के रुप में अपनी यात्रा खत्म कर रहे हैं। लेकिन सीएम नीतीश सीएम पद को अलविदा कहने से पहले भी जनता के बीच जा रहे हैं। सीएम नीतीश यात्रा से शुरु हुई अपनी सफर को यात्रा के साथ ही खत्म करने वाले हैं।
इस्तीफे से पहले सीएम करेंगे यात्रा
मिली जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफे से पहले एक बार फिर समृद्धि यात्रा पर निकल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री 10 से 13 मार्च तक कोसी-सीमांचल क्षेत्र के जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनका मुख्य ठहराव मधेपुरा में रहेगा, जहां से वे आसपास के जिलों के कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
10 मार्च से शुरू होगा दौरा
जानकारी के मुताबिक इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री तीन रात मधेपुरा में ही रुक सकते हैं। यहीं से वे कोसी और सीमांचल के विभिन्न जिलों में समृद्धि यात्रा के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। संभावित कार्यक्रम के अनुसार 10 मार्च को मुख्यमंत्री सुपौल में समृद्धि यात्रा के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मधेपुरा पहुंचेंगे। मधेपुरा में भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
हेलीकॉप्टर से करेंगे दौरा
11 मार्च को मुख्यमंत्री मधेपुरा से हेलीकॉप्टर के जरिए किशनगंज और अररिया जाएंगे। दोनों जिलों में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे वापस मधेपुरा लौट आएंगे। 12 मार्च को मुख्यमंत्री कटिहार और पूर्णिया जिले का दौरा करेंगे। पहले कटिहार में कार्यक्रम करेंगे, इसके बाद पूर्णिया जाएंगे। कार्यक्रम के बाद वे फिर मधेपुरा लौटेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
13 मार्च को सहरसा और खगड़िया
यात्रा के अंतिम दिन 13 मार्च को मुख्यमंत्री सहरसा में कार्यक्रम में भाग लेंगे और इसके बाद खगड़िया जाएंगे। खगड़िया में समृद्धि यात्रा के कार्यक्रम के बाद वे वहीं से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान मधेपुरा में मुख्यमंत्री का प्रवास एमएलसी ललन सर्राफ के आवास पर हो सकता है। हालांकि कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कब किस यात्रा पर निकले नीतीश?
नीतीश कुमार ने साल 2005 में न्याय यात्रा से इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद 2009 में विकास यात्रा, धन्यवाद यात्रा और प्रवास यात्रा की गई। 2010 में विश्वास यात्रा के बाद एनडीए सरकार को पूर्ण बहुमत मिला। 2011 में जनता के प्रति आभार जताने के लिए सेवा यात्रा शुरू हुई। साल 2012 में अधिकार यात्रा, 2014 में संकल्प यात्रा और 2015 में संपर्क यात्रा का आयोजन हुआ। 2019 की जल-जीवन-हरियाली यात्रा ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नई चेतना जगाई। इस यात्रा ने प्रकृति और हरियाली के संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया।
मुख्यमंत्री के रुप में अंतिम यात्रा
2020 में समाज सुधार अभियान यात्रा शुरू हुई। इसके बाद 2023 में समाधान यात्रा और 2025 में प्रगति यात्रा ने नीतीश कुमार को एक बार फिर जन-जन का नेता साबित किया। इन यात्राओं में सरकार की योजनाओं की समीक्षा हुई और जनता की शिकायतों का समाधान निकाला गया। वहीं 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रंचड बहुत मिलने के बाद सीएम नीतीश 2026 में समृद्धि यात्रा कर रहे थे। समृद्धि यात्रा सीएम नीतीश का बिहार में मुख्यमंत्री के रुप में अंतिम यात्रा होगा।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट