Republic Day 2026: सीएम नीतीश ने निभाई परंपरा, मुख्यमंत्री के सामने महादलित बुजुर्ग ने फहराया झंडा, दी बड़ी सौगात...

Republic Day 2026:

महादलित पहुंचे सीएम नीतीश - फोटो : reporter

Republic Day 2026: देशभर में गणतंत्र दिवस की धूम है। बिहार सहित पूरा देश आज अपना 77 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। वहीं सीएम नीतीश ने आज एक बार फिर पूरानी परंपरा निभाई है। सीएम नीतीश हर साल गणतंत्र दिवस के दिन महादलित टोला पहुंचत हैं जहां उनके समझ गांव के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति झंडोत्तोलन करते हैं। इसी परंपरा के अनुसार सीएम नीतीश एक बार फिर पटना से करीब 25 किलोमीटर दूर पुनपुन प्रखंड के मरांची गांव पहुंचे। जहां वह गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। 

सिद्धेश्वर मांझी ने फहराया झंडा 

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में महादलित समाज के 60 वर्षीय बुजुर्ग सिद्धेश्वर मांझी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस विशेष कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बस्ती में संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल तथा रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद लोगों के बीच चश्मों का भी वितरण किया।

मरांची महादलित टोले के लिए बड़ी घोषणाएं

गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडातोलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने मरांची महादलित टोले के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और बिहार आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मरांची गांव में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। स्टेट हाईवे-78 से मरांची गांव तक पक्की सड़क का निर्माण होगा। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मध्य विद्यालय मरांची की चारदीवारी बनाई जाएगी। पंचायत के सभी आहर और पइन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता

बुनियादी सुविधाओं को किया जाएगा मजबूत 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्गों का सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महादलित बस्तियों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री के दौरे से मरांची की महादलित बस्ती में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

पटना से रंजन की रिपोर्ट