सीएम सम्राट चौधरी का जन्मदिन आज : पटना में लगे बधाई पोस्टर, पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज जन्म दिन है। इस मौके पर उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है....
Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज जन्मदिन है। बतौर मुख्यमंत्री यह उनका पहला जन्मदिन है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय और अन्य प्रमुख स्थलों पर पोस्टर के माध्यम से नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें पत्र लिखकर बधाई और आत्मीय स्नेह दिया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि मुख्यमंत्री का अनुभव राज्य के विकास में लगातार उपयोगी साबित हो रहा है और आप बिहार को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामना। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित एनडीए के कई अन्य प्रमुख नेताओं और सहयोगियों ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी हैं।
पैतृक गांव तारापुर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने की विधि-विधान से पूजा-अर्चना
एक तरफ जहां लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हुआ है, वहीं दूसरी तरफ जन्मदिन के इस खास मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पैतृक गांव तारापुर (मुंगेर) पहुंचे हुए हैं। वहां उन्होंने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। गांव से लेकर सोशल मीडिया तक उन्हें शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला जारी है।
राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने दी बधाई
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, मंत्रियों और गणमान्य लोगों ने भी सम्राट चौधरी को फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी है। बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह जश्न का माहौल है और उनके दीर्घायु तथा यशस्वी होने की कामना की जा रही है।
नरोत्तम की रिपोर्ट