Bihar Fire Service: बिहार अग्निशमन सेवा को मिली 80 नई गाड़ियां, CM सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

Bihar Fire Service: बिहार सरकार ने राज्य की अग्निशमन और आपदा राहत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।...

बिहार अग्निशमन सेवा को मिली 80 नई गाड़ियां- फोटो : reporter

Bihar Fire Service: बिहार सरकार ने राज्य की अग्निशमन और आपदा राहत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान बिहार अग्निशमन सेवा को 80 नई अग्निशमन गाड़ियों की सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड वाहनों को रवाना किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सरकार की ओर से दी गई इन नई गाड़ियों में आधुनिक हाइड्रोलिक फायर टेंडर भी शामिल हैं, जो ऊंची इमारतों और कठिन स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों से आग लगने की घटनाओं में राहत और बचाव कार्य पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगा।

बताया गया कि इन 80 अग्निशमन गाड़ियों को राज्य के विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा, ताकि जिला स्तर पर आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत किया जा सके। सरकार का उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बहुमंजिला इमारतों में आग की घटनाओं से निपटने के लिए आधुनिक संसाधनों को उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आपदा प्रबंधन तंत्र को हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से लैस ये वाहन राज्य की आपात सेवाओं को नई मजबूती देंगे।आधुनिक हाइड्रोलिक गाड़ियों के शामिल होने से अग्निशमन विभाग की क्षमता में बड़ा सुधार होगा, खासकर उन इलाकों में जहां ऊंची इमारतों या घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग बुझाने में दिक्कतें आती रही हैं।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह