Patna Crime: बाढ़ में गैंगवार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 अपराधी हथियार संग गिरफ्तार
Patna Crime:पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के सरहन डैम इलाके में रविवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।...
Patna Crime: पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के सरहन डैम इलाके में रविवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से चार देसी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस और तीन बाइक भी बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार सरहन डैम क्षेत्र में दो गुटों के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने गोलीबारी की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पंडारक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की।ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हुए थे। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित कुमार उर्फ जेलर को मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सरहन डैम इलाका लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों और गैंगवार को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। खासकर “फेन छानने” को लेकर यहां अक्सर विवाद और फायरिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अपराधियों के बीच वर्चस्व को लेकर लगातार तनाव बना रहता है।घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया और संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों के पास हथियार कहां से आए और उनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहार पुलिस का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य आपराधिक मामलों का खुलासा हो सकता है।
रिपोर्ट- रविशंकर