CM सम्राट चौधरी अंदर, बाहर अचानक गिरा विशाल पेड़, मची अफरा-तफरी, मौसम विभाग का अलर्ट

अचानक विशाल पेड़ गिरने से सचिवालय के बाहर खड़ी कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर तत्काल पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और रास्ते से पेड़ को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

Bihar Weather- फोटो : news4nation

Bihar Weather :   बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय के बाहर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। जिस वक्त यह हादसा हुआ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सचिवालय के अंदर बैठक कर रहे थे। पेड़ गिरने से वहां मौजूद कई पुलिसकर्मी और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवान बाल-बाल बच गए।


अचानक विशाल पेड़ गिरने से सचिवालय के बाहर खड़ी कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर तत्काल पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और रास्ते से पेड़ को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पेड़ गिरने के बाद कुछ समय के लिए सचिवालय के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


बारिश के बीच हुआ हादसा

राजधानी पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सचिवालय के बाहर पेड़ गिरने की घटना ने बारिश के दौरान सुरक्षा और पुराने पेड़ों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पटना केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को बिहार में भारी बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है। विभाग के सब-डिविजनल वार्निंग बुलेटिन में 26 सितंबर के लिए भारी बारिश तथा गरज-चमक का अलर्ट दर्ज किया गया है।


अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार पटना में 26 सितंबर को आम तौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने की चेतावनी है। इसके बाद 27 सितंबर को एक-दो दौर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, हालांकि उस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 26 सितंबर के बाद अगले दिनों के लिए राज्य स्तर पर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधि बनी रह सकती है।


अभिजीत की रिपोर्ट