Bihar News : औरंगाबाद में सुरक्षाबलों की मिली बड़ी कामयाबी, पचरुखिया के जंगल से 2.5 किलो का आईईडी किया बरामद, मौके पर किया नष्ट

Bihar News : सरकार जहां लगातार नक्सलियों के खात्मा होने के दावे कर रही है। वहीं आज औरंगाबाद के पचरुखिया के जंगल में मिली 2.5 किलो का आईईडी बम ने सारे दावे की पोल खोलकर रख दिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : औरंगाबाद में सुरक्षाबलों की मिली बड़ी कामयाबी,
जंगल में मिला आईईडी- फोटो : DINANATH

AURANGABAD : जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत आजन थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। पचरुखिया के जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की संयुक्त कार्रवाई में एक शक्तिशाली आईईडी बम बरामद किया गया।

सर्च अभियान के दौरान बरामदगी

मिली जानकारी के अनुसार, यह बम पचरुखिया जंगल से दक्षिण दिशा में लगभग 2.5 किलोमीटर दूर करिबा डोभा पहाड़ के पास से मिला। सुरक्षाबलों की सतर्कता के कारण नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। संदिग्ध विस्फोटक मिलते ही इलाके में हलचल मच गई और जवानों ने तुरंत मोर्चेबंदी शुरू कर दी।

बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट

बरामद आईईडी बम का वजन लगभग 2.5 किलोग्राम बताया जा रहा है, जो किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम देने के लिए काफी था। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तुरंत बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया। इसके बाद जवानों ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच आईईडी को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से विस्फोट कराकर नष्ट कर दिया।

आजन थाना अध्यक्ष का बयान

घटना के संबंध में टेलीफोनिक जानकारी देते हुए आजन थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जंगली और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम लगातार विशेष सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच कर रही है।

इलाके में सघन जांच जारी

थाना अध्यक्ष ने आगे बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की उपस्थिति मजबूत रखी गई है और सघन सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा। पूरे इलाके को सील कर आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है। सुरक्षाबल जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट