सीएम सम्राट ने विकसित बिहार नई दिशा में निर्माण तक सह लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह का किया उद्घाटन, समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए किया एकजुटता का आह्वान

पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में 'विकसित बिहार, नींव से निर्माण तक - महामंथन सह लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम सम्राट चौधरी ने किया....

सीएम सम्राट ने लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह का किया उद्घाटन- फोटो : धीरज सिंह

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राजधानी पटना के सम्राट अशोक कंवेंशन केन्द्र स्थित बापू सभागार में आयोजित विकसित बिहार नई दिशा में निर्माण तक और लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक विरासत के विकास के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। समारोह में लव-कुश समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि लव-कुश समाज की एकता की नींव वर्ष 1994 में रखी गई थी, जो आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया है। वर्ष 1992-93 में शुरू हुई कुशवाहा सम्मेलन की पहल के बाद 1994 में दोनों समाजों ने मिलकर सम्मेलन का आयोजन किया था। सीएम ने कहा कि सामाजिक एकता से आगे बढ़कर राजनीतिक रूप से संगठित होकर राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।


उन्होंने कहा कि बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने तथा प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005 के बाद बिहार की आधारभूत संरचना में बड़ा बदलाव आया है। बिहार और झारखंड के अलग होने के समय बिहार की अर्थव्यवस्था काफी बदहाल थी, लेकिन राज्य सरकार ने पिछले दो दशकों में विकास के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में राज्य का बजट बढ़कर करीब 2.73 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि वर्ष 2025-26 के लिए 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया।


सम्राट चौधरी ने कहा कि 15 जुलाई को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू की गई तथा 700 मॉडल स्कूलों की स्थापना की गई है, जिनमें करीब 3.5 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ने के साथ राज्य में 1 लाख 42 हजार बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। बोधगया में कॉरिडोर विकसित करने, गया में विष्णुपद मंदिर के आसपास के क्षेत्र को विकसित करने और राजगीर में लव-कुश पार्क के निर्माण की पहल का भी उन्होंने उल्लेख किया। सीतामढ़ी में भव्य सीता मंदिर के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1000 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किए जाने की जानकारी भी दी गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सभी लोग मिलकर आगे बढ़ते हैं तो बड़ी उपलब्धियां हासिल होती हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर बिहार के विकास और गौरवशाली निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। 


कार्यक्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संजीव कुमार, बिहार प्रशासनिक सेवा की अधिकारी प्रीति कुमारी समेत अन्य अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘स्वर्णिम दिन सम्राट’ नामक स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री शीला कुमारी, सांसद उपेन्द्र कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

धीरज सिंह की रिपोर्ट