Bihar News : बारुण रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से 300 से अधिक चक्कों वाला विशाल ODC सुरक्षित पार, 3 घंटे ठप रहा रेल परिचालन
Bihar News : औरंगाबाद के बारुण रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से विशाल ओवर डायमेंशन कंसाइनमेंट (ओडीसी) को विशेष तकनीकी व्यवस्था के बीच सुरक्षित तरीके से पार किया गया। जानिए कैसे......
AURANGABAD : बिहार के औरंगाबाद जिले में बारुण रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से एक विशाल 'ओवर डायमेंशन कंसाइनमेंट' (ODC) को विशेष तकनीकी व्यवस्था और कड़ी सुरक्षा के बीच सफलतापूर्वक पार कराया गया। इस विशालकाय मशीन पार्ट की ऊंचाई और आकार अत्यधिक होने के कारण इसे निकालने के लिए मार्ग में कई विशेष इंतजाम करने पड़े, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मशीन का यह विशाल हिस्सा विदेशों से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा के बंदरगाह पर पहुंचा था। वहां से इसे विशेष भारी ट्रेलर (जिसमें 300 से भी अधिक चक्के लगे हुए थे) के माध्यम से सड़क मार्ग द्वारा उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। अति-विशालकाय आकार होने के कारण बारुण रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से इसे गुजारना एक बड़ी तकनीकी चुनौती बनी हुई थी।
कंसाइनमेंट को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे और संबंधित तकनीकी टीमों ने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी। ओवरब्रिज के पास से गुजरने वाली रेलवे की हाई-टेंशन बिजली आपूर्ति को बंद कर विद्युत तारों को अस्थायी रूप से हटाया गया। इसके अलावा, रास्ते में पड़ने वाले कुछ पुलों के हिस्सों को भी अस्थायी रूप से हटाया गया ताकि वाहन बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके। सोननगर जंक्शन के प्रबंधक संजय पासवान ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद रखे जाने के कारण सोननगर-जपला बीडी रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। हालांकि, कंसाइनमेंट के सुरक्षित पार होते ही बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी गई और रेल यातायात को पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।
300 से अधिक पहियों वाले इस बेहद विशालकाय ट्रेलर और ओवर-आकार मशीन को देखने के लिए बारुण ओवरब्रिज के आसपास ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय लोगों के लिए रेलवे के तारों को हटाकर इतने बड़े कंसाइनमेंट को गुजरते देखना कौतूहल का विषय बना रहा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और पुलिस व रेलवे अधिकारी मौके पर तैनात रहे।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट