Mahila Rojgar Yojana: नीतीश के बाद सीएम सम्राट का महिलाओं को तोहफा, इन महिलाओं को मिलेंगे सीधे 20 हजार रुपये, शर्ते लागू

Mahila Rojgar Yojana: महिला रोजगार योजना के तहत अब महिलाओं को दूसरी किस्त 20 हजार रुपए मिलने वाले हैं। जिसके लिए 40 लाख महिलाओं का सर्वे पूरा हो चुका है। पढ़िए आगे..

महिलाओं को मिलेगी दूसरी किस्त!- फोटो : social media

Mahila Rojgar Yojana: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए अनोखा पहल शुरु किया था। जिसे अब नए सीएम सम्राट चौधरी के द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएम सम्राट जल्द ही महिलाओं के खाते में 20-20 हजार रुपए भेजेंगे। दरअसल, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभ लेने वाली महिलाओं के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। 

महिलाओं को मिलेगी दूसरी किस्त 

जानकारी अनुसार 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त प्राप्त करने वाली करीब 40 लाख महिलाओं का सर्वे पूरा हो चुका है। अब जिन महिलाओं का रोजगार बेहतर चल रहा है उन्हें जल्द ही 20-20 हजार रुपये की दूसरी किस्त दी जाएगी। इसको लेकर जीविका की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस योजना के तहत राज्य की 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। जीविका द्वारा किए गए सर्वे में सामने आया है कि लगभग 70 प्रतिशत महिलाओं ने इस राशि से अपना रोजगार शुरू कर लिया है।

लाभार्थियों को करना होगा अंशदान 

अधिकारियों की मानें तो, ऐसी महिलाएं जिनका व्यवसाय सफलतापूर्वक चल रहा है, उन्हें आगे चलकर योजना के तहत दो-दो लाख रुपये तक की सहायता भी दी जाएगी। योजना में कुल पांच किस्तों में राशि देने का प्रावधान है। दूसरी किस्त में 20 हजार रुपये मिलेंगे। पहली किस्त दी जा चुकी है।  दूसरी किस्त से लाभार्थी को 5 हजार रुपये का अंशदान करना होगा। तीसरी और चौथी किस्त में क्रमशः 40 हजार और 80 हजार रुपये दिए जाएंगे, जिसमें लाभुक को 10 हजार और 20 हजार रुपये का अंशदान करना होगा। वहीं, पांचवीं किस्त में 60 हजार रुपये दिए जाएंगे, जिसमें लाभार्थी को किसी प्रकार का अंशदान नहीं करना होगा।

कई क्षेत्रों में शुरू हुआ रोजगार

सर्वे के दौरान यह भी सामने आया है कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने पशुपालन को रोजगार के रूप में अपनाया है। इसके तहत गाय, बकरी और मुर्गी पालन प्रमुख हैं। इसके अलावा फल-सब्जी और किराना दुकान, सिलाई-कढ़ाई, चाय-पकौड़े की दुकान और ब्यूटी पार्लर जैसे छोटे व्यवसाय भी महिलाओं द्वारा शुरू किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे सर्वे का कार्य पूरा होता जाएगा, वैसे-वैसे पात्र महिलाओं को अगली किस्त की राशि जारी की जाएगी।