Bihar News: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए आवेदन का अंतिम मौका, इस दिन तक भर सकते हैं फॉर्म, 2 लाख तक मिलेंगी राशि
Bihar News: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए महिलाओं से आवेदन लिए जा रहे हैं। वहीं अब आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित कर दी गई है। महिलाओं को इतने तारीख तक आवेदन जमा करना होगा।
Bihar News: बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सबसे महत्वाकांक्षी और अहम मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, सीएम नीतीश महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सहायता राशि दे रहे हैं। महिलाओं को 10 हजार की सहायता राशि दी जा रही है। जिससे महिलाएं अपना रोजगार शुरु कर सकती हैं। वहीं महिलाओं को रोजगार आगे बढ़ाने के लिए सरकार 2 लाख तक सहायता राशि देगी। इसके लिए महिलाओं से आवेदन मांगी जा रही है।
आवेदन की अंतिम तिथि तय
इसी बीच इस योजना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। जानकारी अनुसार सहायता राशि का लाभ उठाने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं इस समय सीमा तक आवेदन कर योजना का लाभ ले सकती हैं। आवेदन स्वीकार होने पर महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। अब तक राज्य की 1.56 करोड़ महिलाओं को यह राशि मिल चुकी है।
2 लाख तक सहायता राशि
वहीं प्रारंभिक सहायता के बाद, व्यवसाय को विस्तार देने के लिए महिलाओं को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। यह राशि एकमुश्त न मिलकर किस्तों में मिलेगी। रोजगार शुरू करने और उसकी प्रगति की जमीनी जांच के बाद ही अगली किस्तें जारी की जाएंगी। महिलाओं को कुशल उद्यमी बनाने के लिए सरकार ट्रेनिंग मॉडल तैयार कर रही है। जो शहरी महिलाएं स्वयं सहायता समूह (SHG) से नहीं जुड़ी हैं, वे सीधे जीविका की आधिकारिक वेबसाइट www.brlps.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं।
जिलावार लाभुकों की स्थिति
अगर जिलावर लाभुकों की संख्या देखे तो 7 लाख से अधिक लाभुक पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और मधुबनी से हैं। 6 लाख से अधिक पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर और पटना से हैं। 5 लाख से अधिक गया, कटिहार, सारण और अररिया से हैं। 4 लाख से अधिक बेगूसराय, भागलपुर, नालंदा, पूर्णिया, रोहतास, सीतामढ़ी, सीवान और वैशाली से हैं। वहीं 3 लाख से अधिक भोजपुर, गोपालगंज, किशनगंज, मधेपुरा, नवादा और सहरसा से हैं।
10 लाख महिलाओं के खाते में नहीं आए पैसे
जीविका के अनुसार, लगभग 10 लाख महिलाओं के आवेदन लंबित हैं या उन्हें राशि नहीं मिल पाई है। इसका मुख्य कारण आवेदन में आधार कार्ड या बैंक खाता संख्या की त्रुटि है। विभाग इन खातों की पुन: जांच कर रहा है, सुधार होते ही राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। योजना में एक तकनीकी खामी भी सामने आई है, जहाँ राज्यभर के लगभग 400 पुरुषों के खाते में गलती से 10-10 हजार रुपये चले गए हैं। जीविका विभाग ने इसकी रिपोर्ट मंगवाई है। हालांकि, रिकवरी की स्पष्ट गाइडलाइन न होने के कारण फिलहाल सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है, लेकिन कुछ लोग स्वेच्छा से राशि वापस कर रहे हैं।