PMCH में भारी बवाल, हिंसक झड़प में लोगों का सिर फूटा, महिला को भी नहीं छोड़ा, बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल बना रणक्षेत्र

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने गार्डों को रोकने की कोई गंभीर कोशिश नहीं की। इस कारण बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल काफी समय तक रणक्षेत्र ना रहा

violent clash in PMCH - फोटो : news4nation

PMCH : पटना के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल PMCH में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अस्पताल में तैनात गार्डों ने इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में दो लोगों का सिर फट गया, जबकि एक महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप है। सबसे गंभीर बात यह है कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई।


घटना PMCH के इमरजेंसी वार्ड के बाहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बिहटा के कंचनपुर निवासी विमल कुमार गुरुवार सुबह इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पार्किंग को लेकर उनकी गार्डों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आधा दर्जन से अधिक गार्ड एकजुट होकर विमल कुमार की पिटाई करने लगे। मारपीट इतनी गंभीर थी कि विमल कुमार का सिर फट गया और वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पटना के भट्टाचार्य रोड निवासी प्रेम कुमार ने घायल विमल को बचाने और विरोध करने की कोशिश की, तो गार्डों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस हमले में प्रेम कुमार भी घायल हो गए और उनका सिर फट गया। वहीं सोनपुर की रहने वाली संगीता कुमारी ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि कुछ महिला पुलिसकर्मी भी इस दौरान मौजूद थीं।


घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल पुलिस की भूमिका पर उठ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने गार्डों को रोकने की कोई गंभीर कोशिश नहीं की। इतना ही नहीं, घायल विमल कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर PMCH TOP थाना पहुंचे, तब वहां भी उनके साथ मारपीट की गई।


मामला तूल पकड़ने और घटना के वीडियो सामने आने के बाद टाउन DSP-1 ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है। DSP ने कहा है कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले गार्डों व पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट