मंत्री मदन सहनी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया स्वागत, वैभव सूर्यवंशी को रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन पर दी बधाई

Bihar News : SIR मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सत्ता पक्ष विपक्ष पर हमलावर है। जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री मदन सहनी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण चुनाव आयोग का अधिकार है। विपक्ष राजनीति लाभ के लिए इसे तूल दे रहा.

मंत्री मदन सहनी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया स्वागत, वै
मंत्री मदन सहनी ने विपक्ष पर कसा तंज- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि जब देश की सर्वोच्च अदालत ने इसे पूरी तरह जायज ठहराया है कि यह चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का मामला है, तो याचिका दायर करने वाले विपक्षी नेताओं को अब करारा जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण होना एक बेहद सामान्य और जरूरी प्रक्रिया है, जिसे विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए नाहक ही तूल देने की कोशिश कर रहा था।


फर्जी नाम हटाने और पारदर्शी प्रक्रिया का किया पुरजोर समर्थन

मंत्री मदन सहनी ने चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया को सही ठहराते हुए कहा कि जो लोग गलत तरीके से या फर्जी ढंग से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा लेते हैं, उनका नाम हर हाल में कटना चाहिए। इसके साथ ही, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, उनके नामों को भी सूची से हटाया जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया पहले भी होती रही है और आगे भी होनी चाहिए। इसमें किसी भी तरह का राजनीतिक विवाद खड़ा करना पूरी तरह से अनुचित है।


बिहार के लाल के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर पूरे देश को है गर्व

वहीं, दूसरी ओर खेल के मैदान से आ रही बड़ी खुशखबरी पर बात करते हुए मंत्री मदन सहनी ने बिहार के युवा क्रिकेटर (वैभव सूर्यवंशी) के ऐतिहासिक प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश को अपने इस होनहार लाल पर गर्व है। बेहद कम उम्र में खेल के मैदान पर इतिहास रचने वाले इस खिलाड़ी की अद्भुत क्षमता ने हर किसी को प्रभावित किया है और खेल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है।


सिक्सर किंग के रिकॉर्डतोड़ खेल से बिहार का नाम हुआ रोशन

युवा खिलाड़ी के आक्रामक और शानदार खेल शैली की तारीफ करते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार का यह लाल मैदान पर सिक्सर पर सिक्सर मारे जा रहा है। उन्होंने इतनी कम उम्र में कई बड़े विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है, जो यह साबित करता है कि बिहार की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस शानदार उपलब्धि ने वैश्विक पटल पर बिहार का मान और सम्मान काफी बढ़ा दिया है, जिससे राज्य का हर नागरिक आज खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।


भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं, लंबी और रिकॉर्डतोड़ पारी की कामना की

मंत्री मदन सहनी ने युवा क्रिकेटर को अपनी और राज्य सरकार की तरफ से ढेरों बधाइयां और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना करते हुए कहा कि हमारा यह होनहार खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान पर बेहद लंबी पारी खेले और देश के लिए लगातार इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो विश्व रिकॉर्ड आज टूटे हैं, आने वाले कल में खेल के मैदान पर इससे भी बड़े रिकॉर्ड टूटेंगे और बिहार का नाम दुनिया भर में लगातार रोशन होता रहेगा।


रंजन कुमार की रिपोर्ट