कांग्रेस ने सदाकत आश्रम पर हमले की जताई आशंका, सीएम को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा

बिहार कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय सदाकत आश्रम पर हमले की आशंका जताते हुए सीएम को पत्र लिखा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि सदाकत आश्रम पर हमले की आशंका को लेकर सभी डरे हुए है, कृप्या पार्टी कार्यालय की सुरक्षा मुहैया कराया जाए....

कांग्रेस की सीएम से मांग- फोटो : रोहित

Patna : राजधानी पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम पर बीते बुधवार को हुए पथराव और झड़प के बाद राजनीति गरमा गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेश कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।


22 जुलाई को हुआ था घेराव और तोड़फोड़

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में राजेश कुमार ने अवगत कराया है कि 22 जुलाई 2026 को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सदाकत आश्रम का घेराव किया गया। आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, कर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ और हिंसक झड़प हुई। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि भाजपा द्वारा पूर्व में भी कई बार अमर्यादित ढंग से हमले किए जा चुके हैं।


दोबारा हमले की आशंका से डरे हैं कर्मी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में चिंता जताते हुए कहा है कि इस बात की प्रबल आशंका है कि भाजपा कार्यकर्ता पुनः कभी भी सदाकत आश्रम पर हमला कर सकते हैं। बार-बार हो रहे इन हमलों के कारण कांग्रेस कार्यालय के कर्मी और नेता काफी सशंकित और डरे हुए हैं।


मुख्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह

कांग्रेस नेतृत्व ने मुख्यमंत्री से सादर आग्रह किया है कि भाजपा के संभावित अनुचित क्रियाकलापों और हमलों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) की समुचित सुरक्षा व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए।



रोहित की रिपोर्ट