Bihar News: दिवाली पर सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को नहीं मिला वेतन, कांग्रेस ने सम्राट सरकार से पूछा- खजाना खाली है क्या?

Bihar News: बिहार में दीपावली के पावन अवसर पर सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है।...

कर्मचारियों और शिक्षकों को नहीं मिला वेतन,...'खजाना खाली है क्या?'- फोटो : X

Bihar News: बिहार में दीपावली के पावन अवसर पर सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। त्योहार के मौके पर वेतन भुगतान में देरी को लेकर कांग्रेस ने सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऐलान के बावजूद सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को लक्ष्मी पूजन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया।

उन्होंने इस स्थिति को कर्मचारियों और शिक्षकों के साथ बड़ी ज्यादती बताते हुए सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब सरकार ने समय पर वेतन देने का भरोसा दिया था, तो फिर दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर कर्मचारियों को उनके मेहनत की कमाई क्यों नहीं मिली?

मुख्यमंत्री के ऐलान के बावजूद वेतन भुगतान नहीं होने पर कांग्रेस नाराज

कांग्रेस के डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऐलान के बाद भी राज्य के सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को दीपावली पर वेतन नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि लक्ष्मी पूजन के इस सनातनी महापर्व पर कर्मचारियों को वेतन से वंचित रखना आखिर कितनी बड़ी ज्यादती है? जिन कर्मचारियों और शिक्षकों के भरोसे सरकारी व्यवस्था चलती है, उन्हीं को त्योहार के मौके पर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

'क्या राज्य सरकार के खजाने का दीवाला निकल चुका है?'

कांग्रेस नेता ने सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या राज्य सरकार के खजाने का दीवाला निकल चुका है, जो कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है?उनका कहना है कि दीपावली जैसे पर्व पर हर परिवार अपनी जरूरतों और खुशियों के लिए पहले से तैयारी करता है। ऐसे में वेतन नहीं मिलने से सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की त्योहार संबंधी योजनाएं प्रभावित होती हैं। सरकार को कर्मचारियों की परेशानियों को समझते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए था।

वेतन में देरी से बढ़ता है भ्रष्टाचार, कांग्रेस का सरकार पर आरोप

डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने वेतन भुगतान में देरी को राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ने का एक महत्वपूर्ण कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन नहीं मिलता है, तो उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियां व्यवस्था में गलत गतिविधियों को बढ़ावा दे सकती हैं।कांग्रेस नेता ने सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने और वेतन भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

कर्मचारियों और शिक्षकों के वेतन पर गरमाई बिहार की सियासत

दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर वेतन भुगतान का मुद्दा अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। कांग्रेस ने इसे कर्मचारियों और शिक्षकों के सम्मान तथा उनके आर्थिक अधिकारों से जोड़ते हुए सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।अब देखना होगा कि सम्राट चौधरी सरकार इस आरोप पर क्या प्रतिक्रिया देती है और वेतन भुगतान में देरी को लेकर क्या सफाई सामने आती है। फिलहाल, इस मुद्दे ने बिहार की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह