Patna Congress March: पटना में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, राजेश राम करेंगे नेतृत्व

Patna Congress March: पटना में संविधान दिवस के मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार, 26 नवंबर को विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया जा रहा है। ...

कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च- फोटो : social Media

Patna Congress March: पटना में संविधान दिवस के मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार, 26 नवंबर को विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में निकलने वाला यह मार्च संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की हिफाजत के संकल्प के साथ आयोजित होगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी तादाद में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

मार्च दोपहर 12:30 बजे पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू होगा। यहां से जुलूस आर ब्लॉक होते हुए शहीद स्मारक पहुंचेगा। इसमें राजेश राम, कृष्णा अल्लावरु, पप्पू यादव, प्रदीप नरवाल समेत कई प्रमुख नेता शिरकत करेंगे। शहीद स्मारक पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इस दौरान संविधान की बुनियादी भावना की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की हिफाजत का संकल्प लिया जाएगा।

कांग्रेस ने इस आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिला, प्रखंड और मंडल स्तर पर तैयारियां करने का निर्देश दिया है। पार्टी ने वोट रक्षकों की नियुक्ति, जमीनी कार्यकर्ताओं और मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण तथा बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया है।

पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक, 22 से 30 नवंबर तक नियुक्त वोट रक्षक बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे। इसकी निगरानी और रिपोर्टिंग मंडल अध्यक्षों की जिम्मेदारी होगी। इसके बाद 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों और मंडलों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल’ लगाई जाएगी। इन चौपालों में सत्यापन के निष्कर्षों पर चर्चा होगी। कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों से अभियान को सफल बनाने और सोशल मीडिया के जरिए कार्यक्रमों का प्रचार करने की अपील की है।