पालीगंज में भाकपा (माले) की विशाल 'संकल्प सभा', पुलिसिया दमन और शिक्षा संकट के खिलाफ उठी आवाज

पटना के पालीगंज में भाकपा (माले) की विशाल संकल्प सभा हुई। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व भ्रष्टाचार के जरिए युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है.

छात्रों पर लाठी चार्ज और जनहित मामलों को लेकर भाकपा (माले) का संकल्प सभा- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : पटना के पालीगंज हाई स्कूल के खेल मैदान में भाकपा (माले) द्वारा आयोजित विशाल ‘संकल्प सभा’ में हजारों की संख्या में छात्र-युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और आम जनता शामिल हुई। यह सभा युवाओं पर पुलिसिया दमन, जर्जर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, नहरों में पानी, गरीबों के आवास अधिकार तथा एनकाउंटर-बुलडोज़र कार्रवाई के खिलाफ आयोजित की गई थी।


पेपर लीक और भ्रष्टाचार से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़: कॉ. दीपंकर भट्टाचार्य 

भाकपा (माले) के महासचिव कॉ. दीपंकर भट्टाचार्य ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी बेहतर भारत के निर्माण के लिए संघर्षरत है और पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व भ्रष्टाचार के जरिए युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और शराबबंदी के नाम पर गरीबों के उत्पीड़न का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।


सरकारी स्कूलों और उच्च शिक्षा को बर्बाद कर रही सरकार: डॉ. संदीप सौरभ 

पालीगंज विधायक डॉ. संदीप सौरभ ने कहा कि बिहार में सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा और रोजगार मांग रहे युवाओं पर AK-47 और पैलेट गन का इस्तेमाल लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दमनकारी नीतियों के बावजूद शिक्षा और अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी।


जनहितबेरोजगारी और सामाजिक न्याय पर आंदोलन तेज करने का संकल्प 

संकल्प सभा में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार में बेरोजगारी, शिक्षा संकट और बढ़ते पुलिसिया दमन के खिलाफ एक व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है। मंच से गरीबों के वास-आवास और किसान-मजदूरों की समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक संघर्ष को और अधिक धारदार बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।


प्रमुख माले नेताओं और जन प्रतिनिधियों ने भी किया संबोधित 

कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन भाकपा (माले) नेता अनवर हुसैन ने किया। सभा को ऐपवा नेत्री लीला वर्मा, पूर्व विधायक महानंद सिंह, गोपाल रविदास, मुखिया संघ अध्यक्ष आनंद यादव, आइसा अध्यक्ष धनंजय, पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ. अमर, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद तथा किसान नेता मंगल यादव ने संबोधित किया।


नरोत्तम की रिपोर्ट