पटना में बदमाशों की अब खैर नही : बड़ी संख्या में O.P. का गठन, सशस्त्र बलों की हुई तैनाती, जानिए पूरा डिटेल
पटना जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पटना जिले में विभिन्न आउटपोस्ट का गठन किया है। जिसमें 10-10 की संख्या में सशस्त्र बल तैनात होगे....
Patna : पटना जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने तथा अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। पटना जिलादेश संख्या 6323/2026 के तहत जिले में विभिन्न आउटपोस्ट (O.P.) का गठन किया गया है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक (प्रशासन), पटना को निर्देश दिया गया है कि सभी नव सृजित ओ०पी० में 10-10 सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति पुलिस केन्द्र, पटना से सुनिश्चित की जाए।
पुलिस पिकेट्स का मुख्य उद्देश्य और कार्य
आदेश पत्र के अनुसार, संचालित एवं क्रियाशील किए गए इन पुलिस पिकेट्स का मुख्य कार्य क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इसके तहत पुलिस बल निम्नलिखित मुख्य कार्यों पर ध्यान केंद्रित करेंगे:
- आसूचना संकलन: क्षेत्र में खुफिया जानकारी (Intelligence) को लगातार जुटाना।
- दागी/संदेही अपराधियों पर नजर: पूर्व में आपराधिक व संपत्ति मूलक कांडों में आरोपी, संदेही, रिहा या मुक्त हुए अपराधियों की दैनिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखना।
- असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई: शांति भंग करने वाले या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों की पहचान कर उन्हें घटना से पूर्व ही निष्क्रिय या निरुद्ध करना।
हालिया घटनाओं के अध्ययन के बाद लिया गया निर्णय
पुलिस प्रशासन द्वारा हाल के दिनों में पटना और आसपास के जिलों में घटित संगीन आपराधिक घटनाओं (जैसे हत्या, लूट, डकैती और छिनतई) का अध्ययन किया गया। जांच में यह बात सामने आई कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद ऐसे रास्तों या इलाकों का चयन करते हैं, जहां से वे आसानी से भाग सकें।
इसी रणनीति को विफल करने के लिए शहरी, ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में पुलिस की मौजूदगी, सतर्कता और चुस्ती बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना के घटित होने पर पुलिस तुरंत त्वरित (Quick Action) कार्रवाई कर सके।
सुमित की रिपोर्ट