पटना में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश : सरगना 'लंगड़ा' और महिला समेत 5 गिरफ्तार, लाखों के गहने व कैश बरामद
पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने राजधानी पटना में सक्रिय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना समेत 5 को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से लाखों के जेवरात और कैश बरामद किया है....
Patna : राजधानी पटना में चोरी और गृहभेदन (नकाबजनी) की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरप्रांतीय चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित और गुप्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला और चोरी का सोना खरीदने वाला एक आभूषण व्यवसायी भी शामिल है। यह गिरोह हाल के दिनों में शास्त्री नगर और एसके पुरी थाना क्षेत्रों में कई बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर लाखों की संपत्ति समेट चुका था।
शिवाजी नगर पार्क के पास से दबोचा गया मुख्य सरगना 'लंगड़ा'
मामले की जानकारी देते हुए पटना के सेंट्रल एसपी चंद्र प्रकाश ने बताया कि हालिया चोरियों के पैटर्न का विश्लेषण करने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवाजी नगर पार्क के समीप से मुख्य आरोपी दिनेश उर्फ विजय उर्फ 'लंगड़ा' को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने पटना के विभिन्न इलाकों में दर्जनों गृहभेदन की वारदातों में अपनी सीधी संलिप्तता स्वीकार की है।
केंद्रीय मंत्री के आवास सहित हाई-प्रोफाइल ठिकानों को भी बना चुका था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सरगना विजय उर्फ लंगड़ा कोई आम चोर नहीं है, बल्कि वह केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास और कई अन्य हाई-प्रोफाइल हस्तियों के घरों में भी हाथ साफ कर चुका है। पुलिसिया तफ्तीश में अब तक उसकी दस बड़ी चोरी की घटनाओं में स्पष्ट भूमिका पाई गई है। वह बेहद सफाई से बंद मकानों और फ्लैटों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करता था।
सुनार समेत पांच गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के गहने और कैश जब्त
मुख्य आरोपी लंगड़ा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने वाले 'ओम अलंकार ज्वेलरी शॉप' के संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में कुल पांच लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण और भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस, गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
फिलहाल पटना पुलिस गिरफ्तार सभी पांचों अभियुक्तों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है। इसके साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों, मददगारों और चोरी का माल ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद सभी को जेल भेजा जाएगा।
अनिल की रिपोर्ट