Bihar News : पटना में खाली प्लॉट में मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम के दौरान आपस में भिड़े घर और ससुराल पक्ष के लोग

PATNA : जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के न्यू माणिचक के पास एक खाली जमीन की चारदीवारी के अंदर से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान माणिचक निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जितेंद्र की मौत किसी हादसे में गिरने से हुई है या फिर उसकी सुनियोजित हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। जैसे ही पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करने लगी, घटनास्थल पर ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहाँ एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया जा रहा था। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने बीच-बचाव किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के आपसी विवाद और एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों ने इस मामले को और अधिक उलझा दिया है। फिलहाल पुलिस जितेंद्र के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है ताकि मौत से पहले की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। क्या जितेंद्र वाकई किसी हादसे का शिकार हुआ या उसे किसी साजिश के तहत मौत के घाट उतारकर बाउंड्री के अंदर फेंका गया, यह अब जांच का मुख्य विषय है।

सुजीत की रिपोर्ट