Bihar News: EOU के सामने पेश होगा बिहार का धनकुबेर SDPO गौतम कुमार! 32 साल की नौकरी में पत्नी-गर्लफ्रेंड और नौकरानी को बनाया करोड़पति, गैलेन्ट्री अवार्ड भी मिला
Bihar News: बिहार का भ्रष्ट अधिकारी SDPO गौतम कुमार आज ईओयू के सामने पेश हो सकते हैं। गौतम कुमार ने 32 साल की नौकरी में पत्नी-गर्लफेंड के नाम करोड़ों की संपत्ति बनाई। वहीं गौतम कुमार की नौकरानी भी करोड़पति है। यही ना अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए गौतम कुमार को गैलेन्ट्री अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। वहीं जब ईओयू की छापेमारी हुई तो अधिकारियों के होश उड़ गए। 32 साल की नौकरी में 100 करोड़ की अवैध संपत्ति भ्रष्ट अधिकारी ने जमा की। वहीं अब लगातार ईओयू की कार्रवाई इस मामले में जारी है।
करोड़ के मालिक निकले भ्रष्ट अधिकारी
दरअसल, आय से अधिक संपत्ति मामले में आरोपी किशनगंज के SDPO गौतम कुमार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक अपराध ईकाई (EOU) ने उनकी बेनामी संपत्तियों और निवेश की जांच तेज कर दी है। इसके लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो बिहार के अलावा अन्य राज्यों और नेपाल तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। सूत्रों के अनुसार, एक टीम एडिशनल एसपी के नेतृत्व में पिछले छह दिनों से किशनगंज में कैंप कर रही है। यह टीम 31 मार्च को हुई छापेमारी के बाद सामने आए तथ्यों और संपत्तियों का सत्यापन कर रही है। किशनगंज और पूर्णिया में मिली संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच के लिए संबंधित कार्यालयों और संस्थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
आज ईओयू के सामने होगी पेशी
दूसरी टीम अररिया, मुंगेर और पटना में सामने आई संपत्तियों की जांच में लगी है, जबकि तीसरी टीम जल्द ही दिल्ली रवाना होगी। यह टीम दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम और नोएडा में मिली संपत्तियों का सत्यापन करेगी। वहीं, SDPO गौतम कुमार के आज EOU के समक्ष पेश होने की भी संभावना जताई जा रही है। जांच के दौरान EOU को कई माफिया और सफेदपोशों से SDPO के संबंधों के संकेत मिले हैं। कॉल डिटेल्स में सामने आया है कि कुछ नंबरों पर एक दिन में 50 बार तक बातचीत हुई है। इन कनेक्शनों की भी गहन जांच की जा रही है।
महिला मित्र और नौकरानी को बनाया करोड़पति
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि SDPO ने अपने परिजनों, परिचितों और विभिन्न संस्थाओं के नाम पर कई बेनामी संपत्तियां खड़ी की हैं। ऐसे में उनसे जुड़े लोगों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। EOU की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि SDPO ने अपनी महिला मित्र शगुफ्ता के नाम पर सात भूखंड खरीदे थे। इसके अलावा उनकी नौकरानी के नाम पर भी संपत्तियां होने के प्रमाण मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
नेपाल और बंगाल तक फैला नेटवर्क
जांच एजेंसी को नेपाल और पश्चिम बंगाल में भी संपत्तियों के सुराग मिले हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल में चल रही चुनाव प्रक्रिया के कारण वहां से जानकारी जुटाने में कुछ कठिनाई आ रही है। EOU का कहना है कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं, तो SDPO गौतम कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।