दो आशिकों ने मिलकर प्रेमिका का उजाड़ा एक सुहाग, पत्नी के प्रेमी ने बुलाया था सुपारी किलर! मोहब्बत ने ऐसे लिखी शौहर के कत्ल की दास्तान

Bihar Love Affair Crime: इश्क, फरेब और साजिश का ऐसा घिनौना खेल खेला गया, जिसमें एक सुहाग को ही रास्ते से हटाने का फरमान जारी कर दिया गया....

Muzaffarpur Love Triangle
दो आशिकों ने मिलकर प्रेमिका का उजाड़ा एक सुहाग- फोटो : reporter

Bihar Love Affair Crime: इश्क, फरेब और साजिश का ऐसा घिनौना खेल खेला गया, जिसमें एक सुहाग को ही रास्ते से हटाने का फरमान जारी कर दिया गया और यह फरमान किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि मोहब्बत के नाम पर पल रहे दो आशिकों ने मिलकर लिखा।मुजफ्फरपुर के मोतीपुर इलाके से एक ऐसी खूनी मोहब्बत की कहानी सामने आई है, जिसने रिश्तों की रूह तक हिला दी। 

2 अप्रैल की वो मनहूस शाम… सेंधूआरी गांव में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजी और मकेश्वर पंडित नाम के शख्स को मौत के घाट उतार दिया गया। इलाके में सनसनी फैल गई, लोग सकते में आ गएआखिर किसने रची यह खूनी साजिश?

पुलिस ने जब तहकीकात का पहिया घुमाया, तो कहानी में इश्क का जहर टपकने लगा। चंद घंटों में ही पुलिस ने पड़ोसी मुन्ना पंडित को दबोच लिया। पहले तो वो मासूमियत का नकाब ओढ़े रहा, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो राज की परतें खुलती चली गईं।

पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वो किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं था। सामने आया कि मकेश्वर की बीवी के अंतरंग रिश्ते मुन्ना पंडित से थे, और हैरत की बात मृतक के बहनोई महेश्वर पंडित से भी नजदीकियां थीं। यानी इश्क का डबल गेम चल रहा था। जब मकेश्वर को इस गैर-मर्यादित रिश्ते की भनक लगी, तो उसने पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया और फटकार लगाई। बस, यही गुस्ताखी उसके लिए जानलेवा साबित हुई। सूत्र बताते हैं कि इस तौहीन से बौखलाए दोनों आशिकों ने मिलकर एक खतरनाक प्लान तैयार किया। फैसला हुआ कांटा हटाओ! और इसके लिए एक शूटर को हायर किया गया। पैसों के इस खूनी सौदे में इंसानियत का गला घोंट दिया गया।

साजिश के मुताबिक 2 अप्रैल को शूटर ने मकेश्वर पंडित को गोलियों से भून डाला और फरार हो गया। लेकिन पुलिस की तेज नजर से ये खेल ज्यादा देर छुप नहीं पाया। डीएसपी सुचित्रा कुमारी की अगुवाई में बनी टीम ने मानवीय और तकनीकी सुराग के दम पर इस केस का पर्दाफाश कर दिया।

अब मुन्ना पंडित और महेश्वर पंडित सलाखों के पीछे हैं, जबकि शूटर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। हालांकि इस पूरे खूनी ड्रामे में महिला की सीधी भूमिका अभी तक साबित नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह वारदात एक कड़वा सवाल छोड़ती है क्या मोहब्बत अब सुपारी पर चलने लगी है? क्या रिश्तों की कीमत अब सिर्फ गोलियों में तय होगी? फिलहाल, मुजफ्फरपुर की फिजा में इस खूनी इश्क की गूंज अब भी तैर रही है… और सच की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा