बिहार के सभी B.Ed कॉलेजों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज, शनिवार को सरकारी स्कूलों में होगी हाफ-डे पढ़ाई: CM सम्राट चौधरी

सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सभी B.Ed कॉलेजों में चरणवद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। वहीं अब शनिवार को सरकारी स्कूलों में हाफ डे पढ़ाई होगी........

सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा एलान- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन योजना के तहत +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय (लौना), असरगंज, हवेली खड़गपुर, संग्रामपुर सहित विभिन्न उच्च विद्यालयों का मॉडल स्कूल के रूप में समेकित उद्घाटन किया। इसके साथ ही, उन्होंने हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन और असरगंज के जलालाबाद में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया।


B.Ed कॉलेजों में खुलेंगे डिग्री कॉलेजशनिवार को हाफ-डे और रात 11 बजे तक डिजिटल मार्गदर्शन

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधारों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि बिहार के सभी बीएड (B.Ed) कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सरकारी विद्यालयों में शनिवार को अब केवल हाफ-डे पढ़ाई होगी, ताकि बच्चों को खेल-कूद और सर्वांगीण विकास का अवसर मिले। प्रत्येक प्रखंड में लाइव क्लास की सुविधा दी जाएगी और डिजिटल ऐप के जरिए छात्र रात 11 बजे तक शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन हासिल कर सकेंगे।


तारापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट और उद्योगों की स्थापना से मिलेंगे रोजगार

क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी और यहां एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा। एयरपोर्ट निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल से मुंगेर और तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे तथा स्थानीय युवाओं को बिहार में ही रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे।


'सात निश्चय-3' के तहत हर प्रखंड में डिग्री कॉलेजअब तक 212 कॉलेज क्रियाशील

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सात निश्चय-3' का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर प्रखंड में उच्च शिक्षा पहुंचाना है, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के विभिन्न प्रखंडों में हाल ही में 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई थी, जिनकी संख्या अब असरगंज कॉलेज के शुरू होने से बढ़कर 212 हो गई है।


आधुनिक पुलिस अवसंरचना से कानून-व्यवस्था होगी मजबूतवरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का निरीक्षण करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जन सुनवाई, महिला व बाल सुविधा कक्ष, डिजिटल कंट्रोल रूम और निगरानी कक्ष जैसी सुविधाओं से पुलिस प्रणाली अधिक जनोन्मुखी और प्रभावी बनेगी। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

वंदना की रिपोर्ट