मोकामा टाल क्षेत्र में लगेगा दाल मिल ! भंडारण पर बड़ी घोषणा, विधान परिषद में एमएलसी नीरज ने उठाई किसानों की समस्याएं

एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मोकामा टाल दाल उत्पादन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण इलाका है। उन्होंने टाल क्षेत्र में दाल मिल लगाने और भंडारण की ठोस योजना बनाने की मांग की।

MLC Neeraj Kumar on Mokama tal- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधान परिषद में मोकामा टाल क्षेत्र से जुड़ा अहम मुद्दा प्रश्नकाल के दौरान उठा। जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने सदन में मोकामा टाल क्षेत्र की स्थिति को लेकर सरकार से विस्तृत जवाब मांगा। उन्होंने कृषि व्यवस्था, जल प्रबंधन, किसानों की समस्याओं और दाल उत्पादन व विपणन से जुड़ी मौजूदा हालात पर सरकार की नीति स्पष्ट करने की मांग की।


एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मोकामा टाल क्षेत्र करीब एक लाख हेक्टेयर में फैला हुआ है और यह दाल उत्पादन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण इलाका है। उन्होंने टाल क्षेत्र में दाल मिल लगाने और भंडारण की ठोस योजना बनाने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि दाल मिलों का निर्माण निजी क्षेत्र के माध्यम से भी कराया जाना चाहिए, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित कीमत मिल सके।


सरकार की ओर से कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि कृषि विभाग टाल क्षेत्र में दाल उत्पादन और उसके विपणन के लिए ठोस प्रक्रिया तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उत्पादन, भंडारण और मार्केटिंग को मजबूत किया जाएगा।


वहीं जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि टाल क्षेत्र को बिहार का “दाल का कटोरा” माना जाता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का टाल क्षेत्र पर विशेष ध्यान है और पूरे टाल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ कृषि और किसानों के हित में योजनाएं लागू की जा रही हैं।


सरकार के जवाब के बाद सदन में मोकामा टाल क्षेत्र के विकास, किसानों की आय बढ़ाने और दाल उत्पादन को बढ़ावा देने को लेकर गंभीर चर्चा देखने को मिली।

वंदना की रिपोर्ट