Bihar Dengue: पटना में डेंगू का डंक हुआ तेज, अगस्त से भी खतरनाक हुआ सितंबर! इन इलाकों के लोग बरतें सावधानी

Patna Dengue: पटना में डेंगू का संक्रमण सितंबर महीने में अचानक तेज हो गया है। ...

डेंगू का डंक - फोटो : reporter

Patna Dengue: पटना में डेंगू का संक्रमण सितंबर महीने में अचानक तेज हो गया है। अगस्त के पूरे 31 दिनों में जहां 97 मरीज सामने आए थे, वहीं सितंबर के महज 18 दिनों में ही 112 नए मरीज मिल चुके हैं। इसके साथ ही इस सीजन में राजधानी में डेंगू संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 279 हो गई है। आंकड़े बता रहे हैं कि बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 31 अगस्त तक पटना में डेंगू के 167 मरीज मिले थे। इसके बाद 1 से 18 सितंबर के बीच 112 नए मामले सामने आए। खास बात यह है कि पिछले तीन दिनों से संक्रमण की रफ्तार लगातार बनी हुई है। 16, 17 और 18 सितंबर को हर दिन 14 से 15 मरीज चिन्हित किए गए। विभाग के अनुसार फिलहाल रोजाना औसतन 10 से 15 नए मरीज मिल रहे हैं।

इस साल जनवरी से जून तक डेंगू के सिर्फ 44 मामले सामने आए थे। जुलाई में 26 नए मरीज मिले, जबकि अगस्त में संक्रमण ने रफ्तार पकड़ते हुए 97 लोगों को अपनी चपेट में लिया। अब सितंबर में महज 18 दिनों के भीतर 112 मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है। डेंगू-मलेरिया विभाग के अधिकारी सुभाष प्रसाद ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है।

सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब में हुई जांच के दौरान चिन्हित मरीजों को भी उपलब्ध आंकड़ों में शामिल किया जा रहा है। प्रभावित इलाकों में नगर निगम के सहयोग से फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान चलाया जा रहा है। मरीज मिलने वाले क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर लार्वीसाइडल दवा का छिड़काव किया जा रहा है।

बांकीपुर, कंकड़बाग और पाटलिपुत्र में इस साल डेंगू के अधिक मामले सामने आए हैं। पोस्टल पार्क, योगीपुर, जक्कनपुर और बाईपास समेत कई इलाकों में भी मरीज मिले हैं। बारिश के बाद जलजमाव, खाली प्लॉटों व निर्माण स्थलों पर जमा पानी, नालियों की स्थिति और घरों के आसपास जमा साफ पानी एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए मुफीद माहौल बना रहे हैं। यही वजह है कि प्रभावित इलाकों में संक्रमण के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं।