Bihar health: घूसखोर सिविल सर्जन पर गिरी गाज, स्वास्थ्य मंत्री के कड़े फैसले से विभाग में हड़कंप

Bihar health: सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को स्वास्थ्य विभाग ने पद के दुरुपयोग और कथित अनधिकृत राशि के लेन-देन के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Madhepura Civil Surgeon Suspended

Bihar health: मधेपुरा के सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार को स्वास्थ्य विभाग ने पद के दुरुपयोग और कथित अनधिकृत राशि के लेन-देन के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की गई है। विभाग ने मामले में आगे अलग से विभागीय कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।

मामला निजी नर्सिंग होम की जांच और लाइसेंस से जुड़ी कथित वसूली के वीडियो से सामने आया था। अगस्त में सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें डॉ. विजय कुमार कथित तौर पर नकद राशि लेते दिखाई दे रहे थे। वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए डीएम ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की थी। टीम ने संबंधित स्थानों पर जाकर जांच की और अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. विजय कुमार पर निजी नर्सिंग होम की जांच और स्थायी लाइसेंस के नाम पर कथित अवैध राशि के लेन-देन के आरोप लगाए गए। इसके अलावा सील किए गए सत्यम इमरजेंसी हॉस्पिटल को दोबारा खुलवाने के लिए पद का दुरुपयोग करने और अनधिकृत राशि लेने का आरोप भी जांच में सामने आया। विभाग के मुताबिक जांच दल ने उनके आचरण को प्रथमदृष्टया भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में माना।

स्वास्थ्य विभाग ने जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बिहार सरकारी सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में डॉ. विजय कुमार का मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग, पटना निर्धारित किया गया है।

वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए डॉ. विपिन कुमार गुप्ता को मधेपुरा के सिविल सर्जन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

 वायरल वीडियो सामने आने के बाद डॉ. विजय कुमार ने आरोपों को साजिश बताते हुए जांच की मांग की थी। अगस्त में जांच शुरू होने के समय प्रशासन ने भी वीडियो की प्रमाणिकता की जांच की बात कही थी।