अंचल अधिकारियों की हड़ताल पर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा हुए और ज्यादा सख्त, दे दी बड़ी चेतावनी

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “ठीक है, दवा हो रहा है। दवा का असर भी हो रहा है। घबराइए नहीं, सब कुछ होगा।

Deputy CM Vijay Kumar Sinha- फोटो : news4nation

Vijay Kumar Sinha : बिहार सरकार की 29 जनवरी को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए निर्णय संख्या 23 एवं 30 के विरोध में बिहार राजस्व सेवा संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ ने ऐलान किया है कि 2 फरवरी से सभी अंचल अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इससे राज्यभर में राजस्व से जुड़े कार्यों, जमीन मापी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत कई प्रक्रियाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।


इधर, अंचल अधिकारियों की हड़ताल पर सोमवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द समाधान निकाला जाएगा।


डिप्टी सीएम बोले—‘ठीक है, दवा हो रहा है…’

हड़ताल को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “ठीक है, दवा हो रहा है। दवा का असर भी हो रहा है। घबराइए नहीं, सब कुछ होगा। और जब दवा का असर हो जाएगा तो जो लोग हड़ताल कर रहे हैं, वही कहेंगे कि सरकार अच्छा काम कर रही है।” उन्होंने कहा कि सरकार सुधार की दिशा में काम कर रही है और इसका असर निश्चित तौर पर दिखाई देगा।


वैकल्पिक व्यवस्था पर बोले—‘देखते हैं क्या होता है’

जब उनसे पूछा गया कि कई जिलाधिकारियों ने जिलों में कामकाज प्रभावित न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है, तो डिप्टी सीएम ने कहा, “ठीक है, देखते हैं क्या होता है। लेकिन अगर बातचीत करेंगे तो हम बातचीत भी करेंगे। घबराइए नहीं, सब कुछ का समाधान हो जाएगा।” 


आर्थिक सर्वेक्षण और राज्यपाल के भाषण का जिक्र

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार के कामकाज की झलक आर्थिक सर्वेक्षण और राज्यपाल के अभिभाषण में साफ दिखाई पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी सरकार इसी तरह विकास और सुधार के रास्ते पर काम करती रहेगी।


केंद्रीय बजट की आलोचना पर विपक्ष को जवाब

विपक्ष द्वारा केंद्रीय बजट की आलोचना किए जाने पर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “उन्हें अपना फर्ज निभाने दीजिए। वह विपक्ष हैं, वह तो अपना फर्ज निभाएंगे।”