नवादा में इंटर परीक्षा के पहले दिन हड़कंप: 13 परीक्षार्थी निष्कासित, लापरवाही पर 10 वीक्षकों पर गिरी गाज
इंटर परीक्षा के पहले दिन नवादा के जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कदाचार में लिप्त पाए गए 13 परीक्षार्थियों को निष्कासित कर दिया गया।
Nawada - बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2026 के पहले दिन नवादा में प्रशासन की कड़ी चौकसी देखने को मिली। जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश ने सोमवार को स्वयं परीक्षा केंद्रों का मोर्चा संभाला और विभिन्न केंद्रों के निरीक्षण के दौरान कदाचार में लिप्त पाए गए 13 परीक्षार्थियों को परीक्षा से निष्कासित कर दिया। डीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में परीक्षा की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इन केंद्रों पर पकड़े गए 'मुन्नाभाई', हुई कड़ी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान तीन प्रमुख केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई की गई। के.एल.एस. कॉलेज और गंगा रानी कॉलेज से 5-5 परीक्षार्थी चोरी करते पकड़े गए, जबकि कन्हाई इंटर विद्यालय से 3 छात्राओं को निष्कासित किया गया। निष्कासित छात्रों में छोटू, अंकुश, रविंद्र, योगेश्वर, शुभम (के.एल.एस. कॉलेज), आदित्य, निखिल, नितीश, अनुज, अभिषेक (गंगा रानी कॉलेज) और काजल, शिबू एवं आरती (कन्हाई इंटर विद्यालय) शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
वीक्षकों पर भी एक्शन: फ्रिस्किंग में लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण
सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर भी गाज गिरी है। के.एल.एस. कॉलेज के 4, गंगा रानी कॉलेज के 4 और कन्हाई इंटर विद्यालय के 2 वीक्षकों से जवाब-तलब किया गया है। इन वीक्षकों पर आरोप है कि उन्होंने प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग (जांच) ठीक से नहीं की, जिसकी वजह से छात्र चोरी की सामग्री लेकर अंदर पहुँच गए।
सीसीटीवी की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
डीएम रवि प्रकाश ने के.एल.एस. कॉलेज और गंगा रानी कॉलेज सहित कई केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और बैठने की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि परीक्षा पूरी तरह कदाचार-मुक्त हो। केंद्रों पर रोशनी और स्वच्छता के साथ-साथ प्रवेश और निकास की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
दो पालियों में हुई परीक्षा, नियंत्रण कक्ष से रखी जा रही नजर
नवादा जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार, पहले दिन प्रथम पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र जबकि दूसरी पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा दो पालियों (सुबह 09:30 से 12:45 और दोपहर 02:00 से 05:15) में संपन्न हो रही है। प्रशासन ने दावा किया है कि छिटपुट निष्कासन को छोड़कर पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में चल रही है।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा