रथ खींचते रहे श्रद्धालु, जेब साफ करते रहे चोर! पटना में इस्कॉन की रथयात्रा में दर्जनों मोबाइल और चेन चोरी

राजधानी पटना में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान भक्ति और उत्साह के माहौल के बीच चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इस यात्रा में जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन थे, वहीं शातिर चोरों ने उन्हें चूना लगा दिया....

रथ खींचते रहे श्रद्धालु, जेब साफ करते रहे चोर- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में डूबे थे, कोई भगवान का रथ खींचने के लिए रस्सी पकड़ रहा था तो कोई प्रसाद लेने के लिए भीड़ में आगे बढ़ रहा था। लेकिन इसी भीड़ में कुछ ऐसे लोग भी मौजूद थे, जो भगवान के दर्शन के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की जेब साफ करने पहुंचे थे।


इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल था। इसी दौरान शातिर चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर दर्जनों लोगों के मोबाइल फोन और सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया।


कई लोगों मोबाइल गायब  

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने में जुटे थे। भीड़ में धक्का-मुक्की के बीच लोगों का ध्यान पूरी तरह रथ और भगवान के दर्शन पर था। इसी दौरान चोरों ने अपना काम शुरू कर दिया। किसी श्रद्धालु की जेब से मोबाइल गायब हो गया तो किसी के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। जब लोगों को अपने सामान के गायब होने का पता चला तो हड़कंप मच गया। कई लोगों ने मौके पर ही अपने मोबाइल फोन तलाशने शुरू किए, लेकिन तब तक शातिर चोर भीड़ में गायब हो चुके थे।


कोतवाली थाने में जुटी पीड़ितों की भीड़


चोरी की घटनाओं के बाद बड़ी संख्या में पीड़ित कोतवाली थाने पहुंचे। थाने में एक के बाद एक लोग मोबाइल और चेन चोरी की शिकायत लेकर पहुंचते रहे। देखते ही देखते शिकायतकर्ताओं की भीड़ लग गई। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं था, जो भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बना रहा था।


CCTV फुटेज से चोरों की तलाश


पुलिस अब रथ यात्रा के मार्ग और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई होंगी। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।


भक्ति की भीड़ में सुरक्षा पर सवाल


भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। ऐसी भीड़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही विशेष सतर्कता की जरूरत होती है। लेकिन एक ही आयोजन में दर्जनों मोबाइल और सोने की चेन चोरी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।


श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते रहे और चोर भीड़ में अपनी ‘रथयात्रा’ निकालते रहे। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इन शातिर चोरों को जल्द से जल्द पहचानकर गिरफ्तार किया जाए और श्रद्धालुओं का चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए।


अनिल की रिपोर्ट