बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा कार्यालय में मंथन : मंत्री दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में बनी रणनीति

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।उपचुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कैंप कार्यालय में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बूथ प्रबंधन और रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई....

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा कार्यालय में म
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा कार्यालय में बैठक- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : पटना स्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कैंप कार्यालय में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपचुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यालय में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा विधायक आलोक सिंह ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री महोदय का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।


बूथ प्रबंधन और रणनीति पर विस्तृत चर्चा, कार्यकर्ताओं को दिए गए जीत के गुरुमंत्र

मंत्री दिलीप जायसवाल के आगमन के बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक शुरू हुई। इस संगठनात्मक बैठक में आगामी उपचुनाव की रणनीति, सांगठनिक ढांचे की मजबूती, बूथ स्तर पर प्रबंधन को पुख्ता करने तथा जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी व धारदार बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए हर मोर्चे पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया।


एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत का संकल्प

बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिन्हा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि बांकीपुर की जनता के चौमुखी विकास, सूबे में सुशासन की कमान को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित के संकल्प को और अधिक सशक्त करने के लिए एनडीए प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत बेहद जरूरी है।


घर-घर जाकर नीतियों का प्रचार करेंगे कार्यकर्ता

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे जोश, उत्साह और समर्पण के साथ इस उपचुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। कार्यकर्ताओं को टास्क सौंपा गया है कि वे क्षेत्र के हर घर में दस्तक दें और एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, सरकार की बड़ी उपलब्धियों तथा विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाएं। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए एक रिकॉर्डतोड़ विजय सुनिश्चित करने की बात कही।


एकजुट दिखी राष्ट्रीय लोक मोर्चा की टीम 

इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रशांत पंकज, कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुभाष चंद्रवंशी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता श्री हिमांशु पटेल, श्रीमती स्मृति कुमुद, श्री कुमार पाटलिपुत्र सिंह उर्फ सुशील सिंह, श्रीमती अंजली कुमारी और श्री खुर्शीद आलम समेत दर्जनों मुख्य पदाधिकारी एवं सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में बांकीपुर में एनडीए का परचम लहराने का दावा किया।


नरोत्तम की रिपोर्ट