पटना बंटी यादव मर्डर केस में नया मोड़! पुलिस के दावों पर उठे सवाल, परिजनों ने पूछा-भरत तिवारी का फुल तो बीसिया का हाफ एनकाउंटर क्यों?

पटना के बंटी यादव मर्डर केस के मुख्यआरोपी रवीश उर्फ बीसिया के हाफ एनकाउंटर से नाखुश बंटी के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा। धरने पर बैठी मां ने पूछा-"पीएमसीएच में कातिल का इलाज क्यों? इसका भी फुल एनकाउंटर हो।" भाई ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम।

-family protest half encounter bisia controversy bharat tiwa
बंटी यादव मर्डर केस में नया मोड़! परिजनों ने पूछा-भरत तिवारी का फुल तो बीसिया का हाफ एनकाउंटर क्यों?- फोटो : Reporter

पटना के बहुचर्चित बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसिया के हाफ एनकाउंटर (पैर में गोली मारना) के बाद जहां पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं बंटी के परिवार वाले इस कार्रवाई से बेहद नाखुश हैं। इंसाफ की मांग को लेकर मृतक बंटी की मां और भाई एक दिवसीय धरने पर बैठ गए हैं, जिससे पुलिस प्रशासन पर दबाव काफी बढ़ गया है।


मां की मांग: जब निर्दोष का फुल एनकाउंटर, तो कातिल का हाफ क्यों?

धरने पर बैठी बंटी की रोती हुई मां ने पुलिस के दावों और कार्रवाई को पूरी तरह दिखावा करार दिया है। उन्होंने भोजपुर जिले के शाहपुर स्थित बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर का हवाला देते हुए तीखा सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि जब एक निर्दोष व्यक्ति का फुल एनकाउंटर किया जा सकता है, तो उनके बेटे के बेरहम कातिल को सिर्फ हाफ एनकाउंटर कर के जिंदा क्यों छोड़ दिया गया?

हत्याकांड की वजह पर पुलिस और परिवार के दावों में टकराव

इस हत्याकांड की मुख्य वजह को लेकर पुलिस और परिजनों के बयानों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। न्यू करबिगहिया के रहने वाले बंटी के घरवालों का आरोप है कि इलाके में चल रहे देह व्यापार (सेक्स रैकेट) का विरोध करने के कारण उसकी हत्या की गई। वहीं दूसरी ओर, पुलिस इसे शराब के अवैध कारोबार और आपसी रंजिश से जुड़ा मामला बता रही है, जिसे परिजनों ने सबूतों के अभाव का हवाला देकर पूरी तरह खारिज कर दिया है।


'जेल से भी परिवार को है खतरा'— आरोपी के इलाज पर जताया आक्रोश

मृतक की मां ने मीडिया के सामने बेहद आक्रोश जताते हुए कहा कि रवीश एक शातिर और कुख्यात अपराधी है। अगर वह जिंदा बच गया, तो जेल के भीतर से भी उनके बचे हुए परिवार को मौत के घाट उतरवा देगा। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे खूंखार कातिल का इलाज पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल में सरकारी खर्च पर क्यों कराया जा रहा है? मां ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के फुल एनकाउंटर की मांग की है।


भाई ने दिया दो दिन का अल्टीमेटम, बड़े आंदोलन की चेतावनी

बंटी के भाई ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि रवीश समाज में रहने के लायक नहीं है और उसका अंत भी बंटी की तरह ही होना चाहिए। भाई ने चेतावनी दी है कि फिलहाल वे लोग एक दिन के सांकेतिक धरने पर हैं। यदि पुलिस ने अगले दो दिनों के भीतर पीड़ित परिवार की सुरक्षा और न्याय को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पूरा परिवार सड़कों पर उतरकर बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार