बिहार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा: सम्राट चौधरी के पास गृह और सामान्य प्रशासन, निशांत को मिला स्वास्थ्य
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस नई सूची में अनुभवी चेहरों के साथ-साथ युवाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं...
Patna : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस नई सूची में अनुभवी चेहरों के साथ-साथ युवाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह, सामान्य प्रशासन, निगरानी और निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं, जो राज्य की शासन व्यवस्था की धुरी माने जाते हैं।
निशांत कुमार बने स्वास्थ्य मंत्री
मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे अधिक चर्चा निशांत कुमार की रही, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग जैसी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग सौंपा गया है। बिजेन्द्र प्रसाद यादव को वित्त और वाणिज्य-कर विभाग की कमान दी गई है, जबकि विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग का जिम्मा मिला है। इन नियुक्तियों से साफ है कि सरकार अनुभव और ऊर्जा के संतुलन के साथ आगे बढ़ना चाहती है।
प्रमुख मंत्रियों को मिलीं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
सूची के अनुसार, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और सूचना एवं जन-संपर्क विभाग दिया गया है। डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सौंपा गया है, जो राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। लेशी सिंह को भवन निर्माण और राम कृपाल यादव को सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा, नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास के साथ-साथ सूचना प्रावैधिकी विभाग का प्रभार दिया गया है।
युवाओं और नए चेहरों पर दांव
मंत्रिमंडल में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को भी तरजीह दी गई है। सुश्री श्रेयशी सिंह को उद्योग और खेल विभाग का जिम्मा दिया गया है, जबकि श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण मंत्री बनाया गया है। संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा और विधि विभाग, और अरुण शंकर प्रसाद को श्रम संसाधन तथा युवा एवं कौशल विकास विभाग की कमान सौंपी गई है। मिथलेश तिवारी को शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जिनसे राज्य की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
समावेशी विकास का रोडमैप तैयार
विभागों के इस आवंटन में सामाजिक समीकरणों का भी पूरा ख्याल रखा गया है। संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन, रत्नेश सादा को आपदा प्रबंधन, और लखेन्द्र कुमार रौशन को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग दिया गया है। ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को मिली है, जबकि दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। विभागों के इस बँटवारे के साथ ही अब राज्य सरकार के कामकाज में तेजी आने और विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने की उम्मीद जताई जा रही है।
वंदना की रिपोर्ट