मोकामा के दोहरा हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन, मुख्य अभियुक्त समेत तीन गिरफ्तार

पटना जिले मोकामा में बीते गुरुवार को हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे केअंदर खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त समेत 3 को धर दबोचा है। चोरी के पैसों के बंटवारे को लेकर सोनू और रजनीश की हत्या हुई थी....

पैसे को लेकर हुई थी सोनू और रजनीश की हत्या- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के मोकामा थाना अंतर्गत हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत कुल 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बीते गुरुवार को मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर चुहड़मल स्थान के पश्चिम दिशा में स्थित एक कुएं से दो युवकों—सोनू कुमार एवं रजनीश कुमार—के शव बरामद किए गए थे। दोनों मृतकों के हाथ एक ही शर्ट से बंधे हुए थे और उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोकामा थाने में तुरंत कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। 


एसपी ग्रामीण के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की ताबड़तोड़ छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पटना द्वारा स्वयं घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाढ़-01 के कुशल नेतृत्व में 3 अलग-अलग विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। विशेष टीमों ने मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए लगातार छापेमारी की और घटना के 24 घंटे के अंदर ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। 


चोरी के तांबे की बिक्री के पैसों के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद, रची गई थी खौफनाक साजिश

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त गोलू कुमार के स्वीकारोक्ति बयान से यह स्पष्ट हुआ कि सभी अभियुक्त और मृतक सोनू कुमार साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। हाल ही में चोरी किए गए तांबे की बिक्री से प्राप्त राशि के बंटवारे को लेकर सोनू कुमार और अन्य अभियुक्तों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में योजनाबद्ध तरीके से सोनू कुमार को गांव के ही कुएं के पास बुलाया गया, जहां विवाद बढ़ने पर डंडे से प्रहार कर उसे बेहोश कर दिया गया। 


राज खुलने के डर से चश्मदीद रजनीश को भी उतारा मौत के घाट, दो अन्य युवक सुरक्षित बरामद

घटना का राज खुल जाने के भय से चश्मदीद रजनीश कुमार और अचेत अवस्था में पड़े सोनू कुमार के हाथों को शर्ट से बांधकर दोनों को कुएं में धकेल दिया गया और ईंट से वार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। विदित हो कि उक्त घटना में दो अन्य व्यक्तियों के गायब होने की खबर सोशल मीडिया एवं ग्रामीणों द्वारा प्रसारित की जा रही थी, जिस संबंध में ग्राम-बरहपुर थाना मोकामा के निवासी 1. संगम कुमार एवं 2. गन्नू कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया है। 


गिरफ्तार अपराधी और छापेमारी टीम के सदस्य

पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में शामिल जिन तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—

  1. कारू बिन्द (पिता-लाछो बिन्द)
  2. गोलू कुमार (पिता-दिनेश बिन्द)
  3. शिवा उर्फ शिव कुमार (पिता-जयराम बिन्द), तीनों—बरहपुर बिन्द टोली, थाना-मोकामा, जिला-पटना के निवासी हैं। 


इस सफल छापेमारी टीम में पु०अ०नि० कुणाल कुमार (थानाध्यक्ष मोकामा), पु०अ०नि० अभिषेक कुमार सिंह (थानाध्यक्ष हाथीदह), पु०अ०नि० रौशन कुमार (थानाध्यक्ष मढ़ौची), पु०अ०नि० विनोद कुमार (थानाध्यक्ष पंचमहला), पु०अ०नि० अवनीश कुमार सिंह, पु०अ०नि० सुनील कुमार, स०अ०नि० मनोज कुमार पासवान, सिपाही पंकज कुमार, शंभू कुमार (सभी थाना मोकामा), तथा राजकुमार पंडित व गौतम कुमार (दोनों आसूचना शाखा, बाढ़-01 एवं जिला आसूचना शाखा, पटना) शामिल रहे। 


रवि शंकर की रिपोर्ट