Chhath Puja 2026: बिक्रम के असपुरा छठ घाट पर महापर्व की तैयारियां पूरी, रोशनी और चेंजिंग रूम समेत नगर पंचायत ने किए पुख्ता इंतजाम
पटना जिले के बिक्रम स्थित असपुरा लख छठ घाट पर महापर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।नगर पंचायत द्वारा रोशनी, टेंट, चेंजिंग रूम, स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पटना (बिक्रम): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत बिक्रम के असपुरा लख स्थित छठ घाट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिक्रम नगर पंचायत पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है और घाट पर व्यापक स्तर पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इस पुख्ता इंतजाम खातिर विशेष रूप से कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार और नगर अध्यक्ष मनिता देवी का सतत प्रयास लगातार जारी है।
रोशनी, टेंट और महिला व्रतियों के लिए विशेष चेंजिंग रूम की व्यवस्था
नगर पंचायत की ओर से असपुरा लख छठ घाट परिसर में श्रद्धालुओं की हर छोटी-बड़ी जरूरत का विशेष ध्यान रखा गया है। घाट पर समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए आकर्षक लाइटिंग, श्रद्धालुओं के विश्राम व बैठने के लिए टेंट तथा महिला व्रतियों की गोपनीयता और सुविधा को देखते हुए विशेष चेंजिंग रूम का निर्माण कराया गया है।

स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा प्रबंध और सुगम यातायात पर विशेष फोकस
महापर्व के दौरान घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और नगर पंचायत ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए घाट परिसर में स्वास्थ्य सुविधा (मेडिकल कैंप) की व्यवस्था की गई है तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए, इसके लिए सुगम यातायात व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

आकर्षक ढंग से सजाए गए मंदिर, पदाधिकारी खुद कर रहे मॉनिटरिंग
छठ महापर्व के पावन और भक्तिमय माहौल को देखते हुए असपुरा लख घाट परिसर में स्थित भगवान बजरंगबली, मां दुर्गा और भगवान भास्कर के मंदिरों को बेहद भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूरी व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो, इसके लिए बिक्रम नगर कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार और नगर अध्यक्ष मनिता देवी स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं और लगातार घाट पर पहुंचकर तैयारियों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट