भीषण गर्मी का असर: पटना में स्कूलों की टाइमिंग बदली, 30 अप्रैल तक के लिए डीएम का बड़ा आदेश

school timings in Patna- फोटो : news4nation

Bihar Weather : बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव को लेकर आदेश जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक, जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्रि-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र समेत) में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां अब सुबह 11:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी और लू बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, इसलिए स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी समय-सारिणी में बदलाव कर इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें। यह आदेश 27 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वे इस आदेश के अनुपालन की निगरानी करें।


गौरतलब है कि बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी असर पड़ रहा है।